देसी पिस्टल, 12 बोर का कट्टा, 3 जिंदा कारतूस और धारदार हथियार बरामद; दो पल्सर बाइक भी जब्त
धार। दशहरा पर्व के दौरान पेट्रोल पंप लूटने की योजना बना रहे पांच आरोपियों को कानवन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राम दत्तीगारा रोड स्थित भेरूजी मंदिर के पीछे हथियारों के साथ जुटे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से देशी पिस्टल, 12 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और धारदार हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने दो पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार बारिया को सूचना मिली थी कि दत्तीगारा रोड पर पांच व्यक्ति शराब पीते हुए पेट्रोल पंप लूटने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भेरूजी मंदिर के पीछे दबिश दी और पांचों को पकड़ लिया। मौके से शराब के खाली क्वार्टर, बीयर की कैन, डिस्पोजल गिलास, नमकीन के पाउच, सिगरेट के टुकड़े सहित अन्य सामग्री भी साक्ष्य के रूप में जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमेरसिंह दायमा (28), निवासी छोखुर्द, लखन चौहान (23), निवासी छनगारा, दीपक मंडलोई (19), निवासी छोखुर्द तथा गोकुल पंवार (18) और जितेन्द्र चौहान (26), निवासी खेरवास, थाना बदनावर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 326/2026 के तहत बीएनएस की धारा 310(4), 310(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 में प्रकरण दर्ज किया है।
चोरी की अन्य वारदातों में भी भूमिका की जांच
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने कानवन थाना क्षेत्र में चोरी की अन्य वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है। दो आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। अब उनसे अन्य वारदातों के साथ हथियारों के स्रोत और उनके इस्तेमाल को लेकर पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल वेलापुरकर के निर्देशन और एसडीओपी बदनावर अरविन्दसिंह तोमर के मार्गदर्शन में की गई। इसमें थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार बारिया सहित कानवन थाने की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
