परिवार को दिखाने के बहाने ले गए सोने के आभूषण, इंदौर के व्यक्ति को उधारी के एवज में दिए
धार। घर पर गहने दिखाने और आंशिक भुगतान का झांसा देकर लाखों के जेवरात हड़पने की एक सुनियोजित साजिश का मनावर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। उधारी का दबाव खत्म करने के लिए सराफा व्यापारी को चूना लगाने वाले आरोपी पति-पत्नी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8.40 लाख रुपए से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण बरामद करने में सफलता हासिल की है।
घटना मनावर स्थित ‘स्वर्णा श्री ज्वेलर्स’ की है। 10 मई की दोपहर करीब 2:00 बजे जुनी मनावर निवासी विशाल विश्वकर्मा अपनी पत्नी प्रज्ञा विश्वकर्मा के साथ दुकान पर पहुंचा था। दंपत्ति ने दुकानदार वैभव सोनी को भरोसा दिलाया कि वे 2 लाख रुपये तुरंत जमा करेंगे और बाकी रकम बाद में चुका देंगे। परिवार की पसंद जानने के बहाने वे 8,40,500 मूल्य की 3 सोने की चेन और 2 अंगूठियां साथ ले गए। इसके बाद न तो आभूषण लौटाए गए और न ही बकाया राशि दी गई। फरियादी की शिकायत पर मनावर थाना पुलिस ने 18 अक्टूबर को बीएनएस की धारा 318(4) और 316 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इंदौर निवासी धर्मेंद्र पाटीदार द्वारा दंपत्ति से 5,00,000 की उधारी की मांग की जा रही थी। इसी कर्ज को निपटाने की नीयत से आरोपियों ने व्यापारी से लिए गए जेवर कथित तौर पर धर्मेंद्र को सौंप दिए थे। पुलिस ने मामले में शत-प्रतिशत आभूषण जब्त कर आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
फिलहाल पुलिस जेवरों के लेन-देन से जुड़े वित्तीय साक्ष्यों और अन्य कड़ियों की गहन पड़ताल कर रही है, जिससे उधारी वसूली नेटवर्क और संपत्ति अपराध से जुड़े अन्य पहलुओं पर आगामी कानूनी शिकंजा और सख्त हो सकता है।
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी मनावर प्रदीप वाल्टर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनावर राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में उप निरीक्षक रानी राठौर, प्रधान आरक्षक 88 आमिर अंसारी, आरक्षक 899 जितेंद्र कुशवाह तथा साइबर सेल धार के प्रधान आरक्षक सर्वेश एवं आरक्षक प्रशांत की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
