Headlines

साइबर ठगों का जाल : अनजान लिंक पर क्लिक और फर्जी कॉल पर ओटीपी साझा करने से दो लोगों के खाते से 2.46 लाख रुपये पार

ऑनलाइन ठगी के दो मामले दर्ज, ई-एफआईआर के आधार पर अज्ञात आरोपियों पर केस

धार। डिजिटल तकनीक की एक छोटी सी चूक किस तरह जीवन भर की जमा-पूंजी पर भारी पड़ सकती है, इसकी बानगी सादलपुर थाना क्षेत्र में देखने को मिली। साइबर जालसाजों ने अलग-अलग तरीकों से दो लोगों को अपना शिकार बनाते हुए उनके बैंक खातों से कुल 2 लाख 46 हजार 597 रुपये उड़ा लिए। एक मामले में जहां मोबाइल पर अनजान लिंक छूते ही खाता खाली हो गया, वहीं दूसरे मामले में फर्जी कॉल पर साझा किए गए ओटीपी ने व्यापारी को बड़ा वित्तीय झटका दे दिया।

पहला मामला ग्राम खिलेड़ी का है, जहाँ 23 अक्टूबर को राजेश पाँचाल (उम्र 32 वर्ष) अपने घर पर मोबाइल चला रहे थे। इसी दौरान एक अनजान लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से अज्ञात जालसाज ने 51,516 रुपये निकाल लिए। वहीं दूसरा मामला ग्राम गुणावद का है, जहाँ 17 अक्टूबर को होटल संचालक सोनू जायसवाल (उम्र 36 वर्ष) को एक फर्जी कॉल आया। कॉलर के झांसे में आकर उन्होंने अपने बैंक खाते का विवरण और ओटीपी साझा कर दिया, जिसके तुरंत बाद खाते से 1,95,081 रुपये गायब हो गए। दोनों ही पीड़ितों ने घटना के बाद साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी।

हेल्पलाइन 1930 से प्राप्त ई-एफआईआर के आधार पर सादलपुर थाना पुलिस ने 25 अक्टूबर रविवार को दोनों पीड़ितों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा दूसरे मामले में धारा 318(4) व 319(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस अब ट्रांजेक्शन ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए अज्ञात ठगों की पहचान करने में जुटी है, साथ ही नागरिकों से अनजान लिंक पर क्लिक न करने और निजी बैंकिंग विवरण या ओटीपी किसी के साथ साझा न करने की सतर्कता बरतने की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *