मांडव लिंक रोड से तिरुपति नगर तक जांच कर दूध-मावा सहित 14 सैंपल जब्त
जांच के बीच प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग
धार। आगामी त्योहारों के मद्देनजर धार शहर के नागरिकों को शुद्ध दूध, मावा और मिठाइयां उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर भर में कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। बाजार में मिलावटखोरी रोकने के उद्देश्य से विभाग की टीम ने धार शहर के प्रमुख इलाकों में ताबड़तोड़ निरीक्षण कर प्रतिष्ठानों की जांच की और जिले भर से कुल 14 खाद्य पदार्थों के नमूने परीक्षण के लिए जुटाए।
कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश और खाद्य सुरक्षा आयुक्त, मध्य प्रदेश के आदेशानुसार 27 अक्टूबर को अभिहित अधिकारी डॉ. अनिता सिंगारे के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामगोपाल मऊटा एवं सुभाष खेड़कर के दल ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
धार शहर के मांडव लिंक रोड स्थित शिवम दूध संकलन केंद्र से मिक्स मिल्क के दो नमूने लिए गए। इसके बाद टीम ने धार शहर के तिरुपति नगर स्थित श्री डेयरी का निरीक्षण कर वहां से खुला मावा, घी और पनीर के नमूने एकत्र किए। साथ ही, धार क्षेत्र से जुड़े इंदौर-अहमदाबाद हाईवे (नौगांव) स्थित अनिक मिल्क प्रोडक्ट के मिल्क चिलिंग सेंटर से गाय के दूध के दो नमूने लिए गए।

धार शहर में जांच के अलावा टीम ने औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर और सरदारपुर तहसील के राजोद व लाबरिया में भी रेस्टोरेंट व किराना दुकानों की जांच कर हल्दी, मिठाई, सेव और सोयाबीन तेल के नमूने लिए।
निरीक्षण के दौरान कुल 14 नमूने एकत्रित कर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। धार शहर और आसपास के प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई।
वहीं कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि कई दुकानों और होटलों में खुलेआम घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है, जिस पर संबंधित आपूर्ति विभाग द्वारा अब तक कोई सुध नहीं ली गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, भोपाल लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान धार शहर के उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग का यह निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
