Headlines

इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर रास्ता पूछने के बहाने झपटमारी : बाइक सवार तीन बदमाशों ने बुजुर्ग को गिराकर लूटा मोबाइल, घायल

धार। रास्ता पूछने के बहाने रुकना और फिर अचानक वार कर देना—सड़क पर राहगीरों को निशाना बनाने का यह पुराना पैंतरा इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर एक बार फिर सामने आया है। राजगढ़ से घर लौट रहे एक 55 वर्षीय बुजुर्ग को बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने सड़क किनारे रोककर झपटमारी का शिकार बना लिया। वारदात के दौरान जमीन पर गिरने से फरियादी गंभीर रूप से चोटिल भी हो गए।

घटना 24 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे बजे की है। ग्राम खरमपुर निवासी लच्छु उर्फ लक्ष्मीनारायण (55 वर्ष), पिता कान्हा जी गुर्जर, राजगढ़ से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर ग्राम बोधवाड़ा के आगे राजगढ़ की ओर से एक ही मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाश आए। आरोपियों ने पहले रास्ता पूछने के बहाने फरियादी को रोका और मौका पाते ही उनके हाथ से करीब 6,000 रुपये कीमत का रेडमी कंपनी का मोबाइल झपट लिया। झपटमारी के दौरान संतुलन बिगड़ने से लक्ष्मीनारायण सड़क किनारे गिर पड़े, जिससे उनके सिर के बाईं ओर, चेहरे और बाएं कंधे पर चोटें आईं।

घटना के दो दिन बाद, पीड़ित द्वारा थाने पहुंचकर दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर तिरला थाना पुलिस ने 26 अक्टूबरको दोपहर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

राजमार्ग पर रास्ता पूछने के बहाने झपटमारी की इस वारदात के बाद क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग को लेकर पुलिस की सक्रियता पर नजर रहेगी। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास और मार्ग से जुड़े ढाबों व चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर बाइक सवार तीनों अज्ञात बदमाशों की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *