Headlines

ऑपरेशन ‘प्रहार’: कपास-तुवर की आड़ में लहलहा रही थी गांजे की खेती, धार पुलिस ने 43 लाख के पौधे किए जब्त

433 किलो वजनी 360 पौधे बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

धार। खेतों में खड़ी कपास और तुवर की हरी-भरी फसलों के पीछे जब पुलिस ने तलाशी ली, तो फसलों की आड़ में छिपे अवैध नशे के काले कारोबार का पर्दाफाश हो गया। मध्य प्रदेश के धार जिले में ऑपरेशन “प्रहार” के तहत गंधवानी पुलिस ने दबिश देकर अवैध गांजे की एक बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने मौके से करीब 43 लाख रुपये मूल्य के गांजे के हरे पौधे उखाड़कर जब्त किए और एक आरोपी को हिरासत में लिया।

​यह कार्रवाई बुधवार, 28 अक्टूबर को गंधवानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौकी जीराबाद के ग्राम बोरदा में की गई। विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीमों ने खेतों में सर्चिंग अभियान चलाया, जहां ग्राम सिरोंज निवासी 45 वर्षीय मगरसिंह पिता धनसिंह बिलवाल के खेत से गांजे के कुल 360 हरे पौधे मिले। तौल कराने पर इन पौधों का कुल वजन 433.70 किलोग्राम निकला। पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

​गंधवानी थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 412/2026 पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गंधवानी निरीक्षक प्रदीप खन्ना, चौकी प्रभारी जीराबाद उप निरीक्षक मनीष कुमार चौधरी, उप निरीक्षक नीरज कोचले, प्रधान आरक्षक 456 सुखराम चौहान, प्रधान आरक्षक 799 गंगाराम, आरक्षक 1040 संतोष नागर, आरक्षक 1006 विक्रम वागले, आरक्षक 852 वीरेंद्र कन्नौजे, आरक्षक 1092 शियाराम, आरक्षक 395 दिलीप, आरक्षक 206 किरण, आरक्षक 441 कैलाश एवं सैनिक 1218 पर्वत का सराहनीय योगदान रहा।

​यह कार्रवाई भारत सरकार के वर्ष 2029 तक देश को ‘नशा मुक्त भारत’ बनाने के संकल्प और पुलिस मुख्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की गई है। धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के मार्गदर्शन में जिलेभर में मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने का अभियान जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध नशे की खेती और तस्करी पर लगाम कसने के लिए ऑपरेशन “प्रहार” के तहत आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाइयां निरंतर जारी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *