बदनावर से कुक्षी तक ताबड़तोड़ छापे, एक्सपायरी ड्रिंक और जला तेल कराया नष्ट
धार। आगामी त्योहारों पर अगर आप मिठाई, नमकीन या मावा खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी है। बाजार में मिलावट पर अंकुश लगाने और थाली तक शुद्ध खान-पान पहुंचाने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले भर में व्यापक जांच अभियान शुरू कर दिया है।
कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश और खाद्य सुरक्षा आयुक्त के आदेश पर 28 से 30 अक्टूबर के दौरान यह कार्रवाई की गई। अभिहित अधिकारी डॉ. अनिता सिंगारे के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम गोपाल मऊटा और सुभाष खेड़कर के दल ने बदनावर, धार शहर, धरमपुरी, धामनोद और कुक्षी (बाग) तहसीलों में स्थित विभिन्न डेयरी, रेस्टोरेंट, बेकरी और नमकीन निर्माण इकाइयों का सघन निरीक्षण किया। इस तीन दिवसीय अभियान के दौरान जिले भर से कुल 34 खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए।
निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं भी सामने आईं:
- अमानक सामग्री नष्ट : बदनावर के नागदा स्थित एक प्रतिष्ठान पर एक्सपायरी डेट निकलने के बाद भी बेची जा रही लिम्का कार्बोनेटेड वॉटर की 9 बोतलें (740 मिलीलीटर) और बड़ी चौपाटी स्थित श्री बालाजी स्वीट्स से समोसे तलने में इस्तेमाल हो रहा लगभग 14 किलोग्राम जला हुआ तेल मौके पर नष्ट कराया गया।
- सुधार नोटिस जारी : परिसर में साफ-सफाई का अभाव पाए जाने पर बैजनाथ रेस्टोरेंट (बदनावर), न्यू महाकाल होटल (बदनावर), श्री बालाजी स्वीट्स (बदनावर), मुरली नमकीन (धार) और महावीर रेस्टोरेंट (खलघाट) सहित कुल 5 फर्मों को सुधार सूचना नोटिस थमाए गए।
- बिना पंजीयन कारोबार पर केस : धार की मां दुर्गा नमकीन सेंटर और खलघाट स्थित जय भेरुनाथ डेयरी प्रोडक्ट के पास वैध खाद्य पंजीयन नहीं मिला। इन दोनों फर्मों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता पर भी जोर दिया गया। 30 अक्टूबर को जिले में चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (मोबाइल वैन) के जरिए मिठाई निर्माताओं व कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, सही लेबलिंग और उचित रखरखाव का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही रैपिड टेस्ट किट की मदद से मौके पर ही दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट की जांच कर कर्मचारियों को मिलावट पहचानने का व्यावहारिक तरीका सिखाया गया।
एकत्रित किए गए सभी 34 नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित संचालकों पर वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए यह निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
