Headlines

19 साल की फरारी और 1.40 लाख का इनाम : धार पुलिस ने जंगल की पहाड़ी से दबोचा कुख्यात डकैत फकरिया

हत्या-डकैती के 14 मामलों में वांछित है कुख्यात बदमाश फखरिया

धार। पहाड़ों और जंगलों की आड़ में कानून की नजरों से 19 साल तक बचता रहा कुख्यात अपराधी आखिरकार पुलिस के चक्रव्यूह में फंस गया। वारदातों को अंजाम देकर पहाड़ी पर कच्ची झोपड़ी में छिपने वाला 1.40 लाख रुपये का इनामी बदमाश फकरिया उर्फ फखरिया अब सलाखों के पीछे है।

धार जिले के टांडा थाना क्षेत्र में 30 अक्टूबर को पुलिस ने एक सटीक और योजनाबद्ध घेराबंदी के तहत ग्राम होलीबेड़ा के जंगलों से 40 वर्षीय कुख्यात आरोपी फकरिया पिता गुलू मेड़ा को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन, एएसपी विजय डावर और एसडीओपी ओपी अहीर के मार्गदर्शन में टांडा थाना प्रभारी बलदेवसिंह मुजाल्दा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। 31 अक्टूबर को आरोपी को कुक्षी न्यायालय में पेश कर अन्य मामलों में पूछताछ और बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड प्राप्त की गई है।

दर्ज हैं 14 संगीन मामले 

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के कुल 14 प्रकरण दर्ज हैं:

  • थाना टांडा: वर्ष 2016 से अब तक 9 मामलों में फरार।

  • थाना सरदारपुर: वर्ष 2007 से लूट और डकैती के 4 मामलों में फरार।

  • थाना राजगढ़: लूट और डकैती का 1 मामला दर्ज।

आरोपी फकरिया वर्ष 2007 से पुलिस को चकमा दे रहा था और दुर्गम पहाड़ी जंगलों को अपना ठिकाना बनाकर लगातार आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। उस पर घोषित 1.40 लाख रुपये का भारी इनाम उसके बढ़ते आतंक को दर्शाता है। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय गिरोहों और फरार अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस रिमांड के दौरान होने वाली पूछताछ से पिछले डेढ़ दशक से अनसुलझे मामलों के खुलासे और माल बरामदगी की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *