ऑपरेशन ‘प्रहार’: चार थाना क्षेत्रों में गांजे की अवैध खेती पर बड़ा छापा, 30 करोड़ के पौधे बरामद; 5 गिरफ्तार
धार। खेतों में लहलहाती फसलों के बीच छिपाकर रखे गए नशे के काले कारोबार पर धार पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। तस्करों ने सोचा था कि सामान्य फसलों के बीच गांजे के पौधों को छिपाकर वे कानून की नजरों से बच निकलेंगे, लेकिन पुलिस की सटीक रणनीति और तकनीक के आगे उनका यह नेटवर्क टिक नहीं सका।
धार जिले के चार थाना क्षेत्रों में पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत यह विशेष कार्रवाई की। अभियान के दौरान बाग (डेहरी चौकी), मनावर, मांडव और गंधवानी थाना क्षेत्रों में दबिश देकर अन्य फसलों के बीच छिपाकर लगाए गए कुल 7,742.48 किलोग्राम (लगभग 77.42 क्विंटल) गांजे के हरे पौधे बरामद व चिह्नित किए गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त माल की कुल अनुमानित कीमत 25.45 करोड़ से 30.45 करोड़ रुपए के बीच आंकी गई है। इस कार्रवाई में मौके से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 3 फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

कार्रवाई के दौरान मनावर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ड्रोन सर्विलांस और गहन सर्च अभियान की मदद ली, जहाँ सबसे बड़ी सफलता हाथ लगी। मनावर से लगभग 6,700 किलोग्राम (67 क्विंटल) गांजा चिह्नित किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 25 करोड़ से 30 करोड़ रुपए बताई जा रही है; यहाँ से 4 आरोपी गिरफ्तार किए गए।
वहीं बाग थाना अंतर्गत डेहरी चौकी क्षेत्र से 406.23 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 60.93 लाख रुपए) जब्त किया गया, जहाँ 2 आरोपी फरार हो गए। मांडव थाना क्षेत्र से 265 किलोग्राम गांजा (कीमत 39.75 लाख रुपए) सहित 1 आरोपी को पकड़ा गया, जबकि गंधवानी क्षेत्र से 371.25 किलोग्राम गांजा (कीमत 44.55 लाख रुपए) बरामद हुआ और 1 आरोपी भागने में सफल रहा।
धार पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन प्रहार’ आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अवैध मादक पदार्थों की खेती, उत्पादन और व्यापार पर इस तरह के कड़े प्रहार से नशा तस्करों के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते सख्त कदम उठाए जा सकें; सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
