Headlines

धार पुलिस का सट्टा माफिया पर प्रहार : जेतपुरा वाइन शॉप के पास दबिश, तीन सटोरिए रंगे हाथ गिरफ्तार; मुख्य खाईवाल फरार

तीन आरोपी 12 हजार नकदी व पर्चियों सहित धरे, खाईवाल की तलाश तेज

धार। अवैध सट्टे के जरिए रातों-रात मुनाफे का खेल चलाने वालों पर धार पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। मुखबिर की सटीक सूचना पर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाते हुए पुलिस टीम ने सट्टा अंक लेते तीन लोगों को मौके से धर दबोचा, जबकि सट्टा पर्ची स्वीकार करने वाला खाईवाल मौका देखकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल और सट्टा पर्चियां बरामद कर ली हैं।

यह कार्रवाई मंगलवार, 3 नवंबर को थाना नौगांव पुलिस द्वारा ग्राम जेतपुरा स्थित देशी-विदेशी वाइन शॉप के पास की गई। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी राजलल्लन मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तय स्थान पर अचानक घेराबंदी की। दबिश के दौरान मौके पर सट्टा अंक की पर्चियां काटते हुए जेतपुरा निवासी गौरव पिता गोपाल परमार (25 वर्ष), लालचंद पिता शोभाराम लोधा (50 वर्ष) और शंकर पिता गोपाल लोधा (65 वर्ष) को रंगे हाथ हिरासत में ले लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 12 सट्टा पर्चियां, 12,000 रुपए की नगद राशि और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। वहीं सट्टा खाने वाले मुख्य आरोपी शाजिद पिता शहजाद खान, निवासी जेतपुरा के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। नौगांव थाने में सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 403/2026, धारा 4(क), 49 सट्टा एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनीष भगोरे, प्रधान आरक्षक तेज प्रकाश, आरक्षक राजेंद्र और आरक्षक अजय काछावा की सक्रिय भूमिका रही।

जिले में जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। नौगांव पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार खाईवाल शाजिद की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *