मनावर पुलिस ने चार आरोपियाें पर दर्ज किया मामला
धार। शादी की खुशियों के बीच अचानक हुई तीखी बयानबाजी खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। मनावर में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए युवक ने जब खुद पर की जा रही अवांछित और गलत टिप्पणियों का विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।
घटना 2 नवंबर सोमवार की रात 8:00 से 9:00 बजे के बीच मनावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अल्ताफ की दुकान के सामने घटी। कसरावद (जिला खरगोन) निवासी 25 वर्षीय शाहरुख खान अपनी 25 वर्षीय पत्नी इतरत के साथ एक शादी समारोह में भाग लेने मनावर आए थे। इसी दौरान डेहरी और मनावर के चार युवकों—मोइन पिता मुस्ताक (निवासी डेहरी), शदाब पिता पप्पू (निवासी मनावर), तोसिफ पिता पप्पू (निवासी मनावर) तथा मुस्ताक पिता अब्दुल (निवासी डेहरी, थाना बाग)—ने शाहरुख पर अनुचित टिप्पणियां शुरू कर दीं। शाहरुख द्वारा एतराज जताने पर विवाद गहरा गया और आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए तलवार जैसी किसी वस्तु से उनके सिर पर प्रहार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी के सामने ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के तत्काल बाद लहूलुहान शाहरुख को प्राथमिक उपचार के लिए शासकीय अस्पताल मनावर ले जाया गया। उपचार के उपरांत फरियादिया इतरत ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। मनावर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 2 नवंबर की रात 11:02 बजे सभी चारों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया।
पुलिस अब आरोपियों की धरपकड़ और वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सार्वजनिक स्थलों पर इस प्रकार के जानलेवा हमलों से वैवाहिक आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था और असामाजिक तत्वों की निगरानी को लेकर पुलिस प्रशासन की सख्ती बढ़ सकती है।
