Headlines

धार में आस्था का अनोखा पर्व : जमीन पर लेटे मन्नतधारियों के ऊपर से गुजरा गायों का झुंड, नहीं आई एक भी खरोंच

धार। जमीन पर कतारबद्ध लेटे ग्रामीण, उनके ऊपर से तेजी से गुजरता सैकड़ों सजी-धजी गायों का झुंड और चारों ओर गूंजते जयकारे—यह रोंगटे खड़े कर देने वाला दृश्य धार जिले के ग्रामीण अंचल में देखने को मिला। अटूट आस्था और लोक संस्कृति के इस अनूठे संगम में गायों के खुरों के नीचे आने के बावजूद किसी भी व्यक्ति को मामूली खरोंच तक नहीं आई।

पांच दिवसीय दीपोत्सव के चौथे दिन आदिवासी बाहुल्य धार जिले के दसई समेत विभिन्न ग्रामीण इलाकों में पारंपरिक ‘गाय गोहरी’ पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। यह आयोजन सुबह 5 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चला। इसमें मुख्य रूप से रघुवंशी और पाटीदार समाज के उन लोगों ने हिस्सा लिया, जिनकी कोई न कोई धार्मिक मन्नत पूरी हुई थी। आस्था के इस पर्व में मन्नतधारी जमीन पर लेटते हैं और उनके ऊपर से गायों के झुंड को निकाला जाता है।

आयोजन की शुरुआत सुबह समाज के पटेल द्वारा मशाल लेकर घर-घर जाकर गायों को आमंत्रित करने के साथ हुई। इसके बाद सड़क किनारे एकत्र की गई गायों का लगभग आधे घंटे तक तेल और सिंदूर लगाकर विधिवत पूजन किया गया। पूजा के बाद सड़क पर लेटे श्रद्धालुओं के ऊपर से पटेल गायों को हांकते हुए निकालते हैं। सुरक्षा के लिहाज से पटेल और समाज के अन्य वरिष्ठ लोग हाथों में डंडा लेकर निगरानी रखते हैं, ताकि एक साथ बहुत अधिक गायें किसी व्यक्ति पर न आएं।

मन्नत पूरी होने की कृतज्ञता ही इस कठिन परंपरा का मुख्य आधार है। स्थानीय निवासी रामप्रसाद परमार ने बताया कि उनके बेटे की तबीयत खराब थी, जिसके स्वस्थ होने की मन्नत पूरी होने पर वे गायों के नीचे लेटे। वहीं राहुल नामक युवक ने विवाह की मन्नत पूरी होने के उपलक्ष्य में इस अनुष्ठान में भाग लिया।

आस्था और लोक संस्कृति का आधार

क्षेत्र में सदियों से मान्यता है कि गाय गोहरी की इस परंपरा से गौमाता का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है, जिससे गांव और परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि आती है। इसी विश्वास के चलते पीढ़ी-दर-पीढ़ी ग्रामीण अपनी मन्नतें उतारने के लिए इस जोखिम भरे अनुष्ठान को पूरे उत्साह से निभाते आ रहे हैं, जो क्षेत्र की मजबूत लोक परंपरा का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *