Headlines

अर्टिगा सवार बदमाशों का आतंक : बस रोककर ड्राइवर से मांगी शराब के लिए रंगदारी, पथराव में बच्ची और बच्चा घायल

पैसे नहीं देने पर ड्राइवर से मारपीट, बस के शीशे फोड़े; प्रकाश भूरिया समेत 4 पर केस दर्ज

धार। सवारी से भरी बस का पीछा कर अचानक रास्ता रोकना, शराब के लिए रंगदारी मांगना और इनकार करने पर लात-घूंसों के साथ पथराव कर देना—शनिवार की शाम आगर घाटी मोड़ पर अर्टिगा कार सवार चार बदमाशों ने खुलेआम कानून को चुनौती दे डाली। उपद्रवियों के इस अचानक हमले से बस में बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई और शीशे टूटने से दो मासूम बच्चे भी लहूलुहान हो गए।

घटना शनिवार, 7 नवंबर की शाम करीब 7:00 बजे की है, जब इंदौर से डही जा रही ‘राघव बस’ बाग थाना क्षेत्र के आगर घाटी मोड़ से गुजर रही थी। तभी एक सफेद रंग की अर्टिगा कार ने बस के आगे आकर रास्ता रोक लिया। कार से उतरे चार युवकों ने बस चालक राहुल (35 वर्ष, निवासी बालीपुर मनावर) से शराब पीने के लिए रंगदारी के पैसों की मांग की। ड्राइवर द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर थप्पड़ों और मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे चालक के गाल और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद बदमाशों ने बस के सामने वाले शीशे पर पत्थर दे मारा। शीशा टूटने से अंदर बैठी सवारियों में से एक बच्ची और एक बच्चा घायल हो गए। आरोपी पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद बस के कंडक्टर सतीश पिता आयदान सोलंकी (36 वर्ष, निवासी रिंगनौद) ने तत्परता दिखाते हुए पहले घायल चालक और बच्चों को इलाज के लिए बाग के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद रात 10:14 बजे बाग थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

बाग थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मुख्य आरोपी प्रकाश भूरिया (निवासी देवधा) तथा उसके तीन अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 296(b), 115(2), 324(4), 119(1), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

घाटी क्षेत्र में शाम ढलते ही बसों और मुसाफिरों को रोककर रंगदारी मांगने की इस वारदात ने यात्री सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों की घेराबंदी और धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं, जिससे इस मार्ग पर देर शाम गुजरने वाली यात्री बसों और आम मुसाफिरों में बना खौफ दूर हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *