धार। शहर के उदयरंजन क्लब स्थित स्वीमिंग पूल में नहाने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोपियों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दे डाली।
धार कोतवाली थाना क्षेत्र में 10 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे उदयरंजन क्लब के स्वीमिंग पूल पर विवाद का मामला सामने आया है। फरियादी शिवा पिता शंकर मोर्य (24), निवासी ग्राम गोरियाबाद जिला अमेठी (उत्तरप्रदेश), जो वर्तमान में उदयरंजन स्वीमिंग पूल पर मौजूद था, ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फरियादी के अनुसार, आरोपी हिमांशु राजपुरोहित निवासी श्रुति सेल्टर, सुंदरवन कॉलोनी धार एवं उसके अन्य साथियों ने उसे स्वीमिंग पूल में नहाने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान फरियादी को छाती और गले में अंदरूनी चोटें आई हैं। साथ ही आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना करीब 15 मिनट तक चली, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धारा 296(a), 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
