Headlines

चद्दर के कमरे में बन रहा था मौत का सामान

गंधवानी पुलिस ने पकड़ा अवैध पिस्टल फैक्ट्री संचालक

धार। जिले के गंधवानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो घर के पीछे बने चद्दर के कमरे में अवैध देशी पिस्टल और कट्टे बनाने का धंधा चला रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और खरीद-फरोख्त के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, एसडीओपी मनावर बृजेश कुमार मालवीय और थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप खन्ना के मार्गदर्शन में गंधवानी पुलिस को यह सफलता मिली।

14 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बारिया के बयडीपुरा में हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति अपने घर के पीछे चद्दर का कमरा बनाकर अवैध देशी पिस्टल और कट्टे तैयार कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश दी और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी संजय पिता प्रसन्नसिंह बरनाला (35) निवासी बयडीपुरा, ग्राम बारिया थाना गंधवानी जिला धार का रहने वाला है। पुलिस आरोपी से हथियार बनाने की पूरी प्रक्रिया और नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पिस्टल और कट्टे बनाने का सामान जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्टल और कट्टे बनाने के लिए उपयोग किए जा रहे कई उपकरण जब्त किए हैं, जिनमें ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन, लोहे के सांचे, पिस्टल ट्रिगर सांचे, मैगजीन बनाने के सांचे, लोहे की पट्टियां, हथौड़े, आरी, नली, स्प्रिंग सहित अन्य सामग्री शामिल है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।

इनका रहा सराहनीय योगदान

इस कार्रवाई में गंधवानी थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना, मनावर थाना प्रभारी ईश्वरसिंह चौहान, उपनिरीक्षक विनय परमार, नीरज कोचले, प्रशांत पाल, सुशील यदुवंशी, प्रधान आरक्षक मालसिंह, शेरसिंह बघेल, तनवीर खान, आरक्षक निलेश खरते, विक्रम, माधु, प्रेम, सियाराम, हतरसिंह, रविन्द्र, वीरेन्द्र, सुनील डावर, सुनील भूरिया, कमल और महिला आरक्षक किरण ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस सराहनीय कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *