चालक फरार, पुलिस को मिला सुराग
धार | इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब माछलिया घाट स्थित ओवरब्रिज के पास शराब से भरी एक अनियंत्रित पिकअप पलट गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध बीयर बरामद की है।
हादसे के बाद सड़क पर बिछ गई बीयर की बोतलें
घटना शुक्रवार सुबह करीब 6:00 बजे की है। सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में किंगफिशर बीयर लोड थी।
बरामदगी का ब्यौरा
पुलिस ने मौके से कुल 432 बल्क लीटर शराब और वाहन जब्त किया है:
-
बीयर पेकेट: 104 पेकेट किंगफिशर (312 बल्क लीटर) – कीमत ₹1,18,560
-
बीयर पेटी: 10 पेटी किंगफिशर (120 बल्क लीटर) – कीमत ₹45,600
-
वाहन: पिकअप (MP 44 GA 1995) – कीमत करीब ₹6 लाख
-
कुल जब्ती: करीब ₹7.64 लाख (शराब + वाहन)
वाहन में मिले दस्तावेजों से खुलेगा राज
आरोपी चालक फिलहाल अज्ञात है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हालांकि, वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं। पुलिस ने मौके से ड्राइविंग लाइसेंस, चेक बुक, आधार कार्ड और बिक्री अनुबंध पत्र (एग्रीमेंट) की फोटोकॉपी जब्त की है। इन दस्तावेजों के आधार पर पुलिस अब वाहन मालिक और चालक की पहचान पुख्ता करने में जुटी है।
पुलिस की कार्रवाई: राजगढ़ थाना पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 46 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब्ती की कार्रवाई कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
