धार पुलिस का ‘रोको-टोको’ अभियान
धार | सड़कों पर रफ़्तार के सौदागरों और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर धार पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नवागत पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के पदभार ग्रहण करते ही जिले की पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पिछले 72 घंटों के भीतर पुलिस ने जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाकर 600 से अधिक वाहनों पर गाज गिराई है।
‘सवारी ढोने वाले लोडिंग वाहनों पर न बरतें नरमी’
सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए एसपी सचिन शर्मा ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। विशेषकर पिकअप और लोडिंग वाहनों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वालों के खिलाफ ‘रोको-टोको’ अभियान छेड़ा गया है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि हादसों में होने वाली जनहानि को रोकना है।

जुर्माने की चोट : 28 पिकअप वाहनों से वसूले 66 हजार से ज्यादा
पुलिस की इस कार्यवाही में सबसे ज्यादा गाज उन लोडिंग वाहनों पर गिरी जो माल की जगह सवारी ढो रहे थे। जिले भर में 28 पिकअप और लोडिंग वाहनों को रोककर उन पर सख्त कार्यवाही की गई, जिनसे 66,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 593 अन्य वाहनों पर भी पुलिस का डंडा चला। इन वाहनों से 2,07,500 रुपये की समन शुल्क राशि वसूली गई। तीन दिनों के इस विशेष अभियान में पुलिस ने कुल 621 चालान काटकर सरकारी खजाने में 2,74,000 रुपये जमा करवाए हैं।
सिर्फ जुर्माना नहीं, समझाइश भी : बांटे पम्पलेट
धार पुलिस इस अभियान के जरिए दोतरफा रणनीति अपना रही है। जहाँ एक तरफ नियमों का उल्लंघन करने वालों की जेब ढीली की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ आम जनता को जागरूक करने के लिए पम्पलेट भी बांटे जा रहे हैं। चौराहों पर पुलिसकर्मी चालकों को रोककर यातायात नियमों के पालन की शपथ दिला रहे हैं और पम्पलेट के जरिए सुरक्षित सफर के गुर सिखा रहे हैं।
“आमजन की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। पिकअप और लोडिंग वाहनों में सवारी ढोना जानलेवा हो सकता है। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।” — सचिन शर्मा, एसपी, धार
नोट : अगर आप भी वाहन चलाते समय हेलमेट या सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं कर रहे हैं, या लोडिंग वाहन में सवारी बैठा रहे हैं, तो सावधान हो जाएं। धार पुलिस की नजर अब आपकी हर लापरवाही पर है। सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें।
