Headlines

दो पक्षों में जमकर चले लाठी और चाकू जैसी नुकीली चीज, दोनों तरफ के किशोर घायल

धार : डाबरी मोहल्ले में पुराना विवाद भड़का, पुलिस ने की क्रॉस कायमी

धार। शहर के नौगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डाबरी मोहल्ला मस्जिद के सामने बीती रात पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि लाठियों और धारदार चाकू जैसी नुकीली चीज से एक-दूसरे पर हमला कर दिया गया। इस मारपीट में दोनों पक्षों के किशोर लहूलुहान हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर मामला जांच में लिया है।

पहला पक्ष : “भाई को बचाने आया, तो उसे भी लाठियों से पीटा”

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छत्रीपाल (चिंतामण गणेश के पास) निवासी 16 वर्षीय कीर्तन पिता मनोज चौहान ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह रात करीब 10:30 बजे डाबरी मोहल्ले में था। तभी पुराने विवाद की बात को लेकर वहां मौजूद आरोपी अब्बास और सादीक (निवासी डाबरी) उसे मां-बहन की गालियां देने लगे। विरोध करने पर आरोपी अब्बास ने लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे कीर्तन के कपाल (माथे) और सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई। भाई को पिटता देख जब विनायक बीच-बचाव करने दौड़ा, तो आरोपी सादीक ने उसे भी गालियां देते हुए लाठी से पीट दिया, जिससे विनायक के सिर में चोट आई है। आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी दे गए।

दूसरा पक्ष : “पुराने विवाद में चाकू जैसे नुकीले चीज से किया हमला”

वहीं दूसरी ओर, काउंटर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए डाबरी निवासी 16 वर्षीय अब्बास पिता मोहम्मद असगर ने बताया कि उसका आरोपियों से स्कूल का पुराना विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर छत्रीपाल निवासी आरोपी कीर्तन और विनायक ने मस्जिद के सामने उसे घेर लिया। गाली-गलौज करते हुए आरोपी विनायक ने हाथ में लिए चाकू जैसी किसी नुकीली चीज से अब्बास पर हमला कर दिया। यह वार अब्बास के बाएं कान के पीछे सिर में लगा, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। आरोपियों ने उसे भी जान से खत्म करने की धमकी दी है।

नौगांव पुलिस की कार्रवाई : नौगांव पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आस-पास के लोगों से पूछताछ कर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *