Headlines

बहू के जुल्म से परेशान बुजुर्ग सास पहुंची SP की जनसुनवाई

धार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बहू पर कसा शिकंजा

धार। धार जिले में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन बेहद सख्त नजर आ रहा है। मामला मंगलवार को आयोजित होने वाली साप्ताहिक जनसुनवाई का है, जहां खुद पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने एक पीड़ित बुजुर्ग महिला की दर्दभरी दास्तान सुनी और बिना वक्त गंवाए आरोपी बहू के खिलाफ तत्काल कड़े कानूनी एक्शन के निर्देश जारी किए।

क्या है पूरा मामला

​शास्त्री कॉलोनी (धार) की रहने वाली बुजुर्ग महिला सीताबाई नागोरा मंगलवार को जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर पहुंची थीं। उन्होंने नम आंखों से अपनी बहू पिंकी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि बहू उन्हें लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। प्रताड़ना का आलम यह है कि बहू ने बुजुर्ग सास को घर में रहने तक से महरूम कर दिया है।

तत्काल दिए कोतवाली प्रभारी को निर्देश

​बुजुर्ग महिला की इस गंभीर शिकायत को सुनते ही एसपी सचिन शर्मा ने संवेदनशीलता और कड़ाई दिखाई। उन्होंने मौके से ही थाना प्रभारी कोतवाली दीपक सिंह चौहान को मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए तुरंत और सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कोतवाली पुलिस का त्वरित एक्शन, मामला दर्ज

​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक धार के कुशल मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने तत्काल एक्टिव मोड में आते हुए दोनों पक्षों को थाने तलब किया। मामले की गहन जांच और शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी बहू पिंकी के खिलाफ एक्शन लिया है।

​पुलिस ने आरोपी बहू के विरुद्ध साधारण मारपीट, गाली-गलौज, माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 की प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध (FIR) कर मामला विवेचना में ले लिया है।

“धार पुलिस वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बुजुर्गों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

—सचिन शर्मा, एसपी, धार

​प्रकरण में साक्ष्यों को जुटाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई तेजी से की जा रही है। धार पुलिस के इस त्वरित न्याय-एक्शन की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *