Headlines

धार पुलिस में दोहरी खुशी : 36 नए आरक्षकों की एंट्री, 6 जांबाजों के कंधों पर सजे पदोन्नति के सितारे

धार। जिला पुलिस मुख्यालय में आज का दिन दोहरी खुशियों और गौरवपूर्ण पलों का गवाह बना। एक तरफ जहां धार पुलिस परिवार में 36 नए चेहरों की एंट्री हुई, वहीं दूसरी तरफ सालों से सेवा दे रहे 6 जांबाजों के कंधों पर पदोन्नति का स्टार (फीता) सजा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान एसपी सचिन शर्मा ने जहां नए आरक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे, वहीं प्रमोट हुए जवानों को ‘पिपिंग सेरेमनी’ में सम्मानित किया।

17 महिला और 19 पुरुष आरक्षकों ने संभाली कमान

पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 के कड़े पड़ावों को पार कर धार पुलिस का हिस्सा बने 36 नव चयनित आरक्षकों के चेहरों पर आज एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। एसपी सचिन शर्मा ने सभी को नियुक्ति प्रमाण पत्र सौंपकर मध्यप्रदेश पुलिस परिवार में उनका स्वागत किया।

खास बात यह है कि इस बार धार पुलिस के कुनबे में ‘महिला शक्ति’ की मजबूत मौजूदगी दिखी। कुल 36 आरक्षकों में 17 महिला और 19 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं।

“पुलिस सेवा सिर्फ नौकरी नहीं, जनसेवा का संकल्प है” इस मौके पर नव-नियुक्त आरक्षकों को संबोधित करते हुए एसपी सचिन शर्मा ने कहा, “पुलिस सेवा केवल एक रोजगार नहीं है, बल्कि यह समाज और राष्ट्र की सेवा का एक बड़ा दायित्व है। आज के दौर में पुलिस का काम सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालना नहीं, बल्कि आम जनता की समस्याओं को समझकर उन्हें तुरंत न्याय दिलाना है।” उन्होंने नए जवानों को जनता के साथ बेहतर संवाद और संवेदनशीलता के साथ काम करने की सीख दी।

2011 बैच के 6 आरक्षक बने ‘प्रधान आरक्षक’

एक तरफ जहां नई ऊर्जा का स्वागत हो रहा था, वहीं दूसरी तरफ विभाग के अनुभवी जवानों की कर्तव्यनिष्ठा को भी बड़ा सम्मान मिला। वर्ष 2011 बैच के 06 आरक्षकों को कार्यवाहक प्रधान आरक्षक के पद पर प्रमोट किया गया।

इस गौरवपूर्ण क्षण के दौरान एसपी सचिन शर्मा और एएसपी विजय डावर ने खुद प्रमोट हुए कर्मचारियों के कंधों पर प्रधान आरक्षक का फीता (रैंक बैज) लगाया।

इन 6 जवानों के कंधों पर सजी नई जिम्मेदारी:

  • आरक्षक क्रमांक 317 सचिन डावर

  • आरक्षक क्रमांक 607 जगदीश पटेल

  • आरक्षक क्रमांक 856 दिलीप सोलंकी

  • आरक्षक क्रमांक 495 भंवर सिंह मकवाना

  • आरक्षक क्रमांक 846 संजय वर्मा

  • आरक्षक क्रमांक 730 मेहरबान गुर्जर

एसपी ने पदोन्नत हुए जवानों को बधाई देते हुए कहा कि पद बढ़ना सिर्फ रुतबा बढ़ना नहीं है, बल्कि जिम्मेदारियों और अपेक्षाओं का बढ़ना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये सभी नए प्रधान आरक्षक अपनी नेतृत्व क्षमता से अधीनस्थों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।

पुलिस महकमे में जश्न का माहौल

इस दोहरे आयोजन के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, रक्षित निरीक्षक पुरुषोत्तम बिश्नोई सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय और पुलिस लाइन के कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पूरे धार पुलिस परिवार ने नए साथियों का स्वागत किया और प्रमोट हुए सहकर्मियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *