Headlines

चलती बाइक को लात मार दंपत्ति से लूटे थे चांदी-नगद, 2 दबोचे

Oplus_131072

वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद, 4 फरार लुटेरों की तलाश तेज

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के थाना बाग क्षेत्र में पिछले दिनों एक दंपत्ति से रास्ता रोककर बेरहमी से लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो शातिर बदमाशों को दबोच लिया है, जबकि उनके चार साथी अभी भी फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों के पास से लूटे गए चांदी के कड़े, नगदी और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।

6 बदमाश और फिल्मी अंदाज में लूट

​घटना बीते 22 मई 2026 की रात लगभग 8:00 बजे की है। फरियादी महिला अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम पीपरी से वापस अपने गांव चिलवा लौट रही थी। जैसे ही वे पाडलिया नैनगांव फाटे के पास पहुंचे, पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 6 अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

​सूनसान रास्ते का फायदा उठाकर बदमाशों ने चलती गाड़ी पर जोरदार लात मारी, जिससे दंपत्ति सड़क पर गिर गए। दुर्घटना में महिला को गंभीर चोटें आईं। इससे पहले कि दोनों कुछ संभल पाते, बदमाश महिला के हाथ से बैग छीनकर रफूचक्कर हो गए। बैग में दो चांदी के कड़े और 5,000 रुपये नगद रखे थे। महिला की शिकायत पर थाना बाग में अपराध क्रमांक 185/2026 धारा 310(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

​मुखबिर की सूचना और झिरपनिया के पास घेराबंदी

​मामले की गंभीरता को देखते हुए धार पुलिस ने तुरंत एक्शन मोड में आते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस लगातार संदेही ठिकानों पर दबिश दे रही थी, तभी मुखबिर से एक सटीक सूचना मिली। पुलिस टीम ने ग्राम झिरपनिया के पास तगड़ी घेराबंदी की और संदेही मगन (पिता छगन भील) को हिरासत में ले लिया। जब पुलिसिया अंदाज में पूछताछ की गई, तो मगन टूट गया और उसने अपने 5 अन्य साथियों के साथ मिलकर डकैती की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद कोर्ट से पुलिस रिमांड लेकर कड़ाई से की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी दिनेश (पिता केलु उर्फ केलसिंह अनारे) को भी गिरफ्तार कर लिया।

फरार 4 बदमाशों की तलाश जारी

​पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चांदी, नगदी और बाइक तो जब्त कर ली है, लेकिन इस सनसनीखेज वारदात में शामिल 4 अन्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही वे भी सलाखों के पीछे होंगे।

​इस टीम को मिली बड़ी सराहना

​इस अंधे कत्ल और लूट के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करने में थाना बाग और साइबर सेल धार की टीम ने कमाल का तालमेल दिखाया। इस सराहनीय कार्य में निरीक्षक कैलाश चौहान, उनि तोसिफ अली, सउनि लोकेश रायपुरिया, सउनि दशरथसिंह चौहान, सउनि कमलेश राठौड़िया, प्रधान आरक्षक सखाराम गोखले, भावसिंह रावत, रेलमसिंह भिण्डे, गजेन्द्र कनेश, कैलाश गेहलोत तथा आरक्षक राजू चौहान, दुर्गेश, सीताराम डोडवे, कलमसिंह डुडवे, लालसिंह चौहान, मुकेश, सुरेश सहित साइबर सेल धार के उनि प्रशांत गुंजाल एवं आरक्षक प्रशांत चौहान की विशेष और मुख्य भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *