Headlines

धार में महा-अभियान: ‘अलर्ट मोड’ पर प्रशासन

कलेक्टर मीना ने दिए ‘युद्धस्तर’ पर काम करने के निर्देश, 5 से 21 जून तक सजेगा आयोजनों का कारवां

धार। जिला मुख्यालय पर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने एक बेहद महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) लेकर जिले के सभी आला अधिकारियों को अलर्ट मोड पर डाल दिया है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी सहित तमाम जिला अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से और अनुभाग स्तर के सभी अधिकारी वर्चुअली जुड़े। कलेक्टर मीना ने मुख्य सचिव के निर्देशों का हवाला देते हुए दो टूक कहा कि 5 जून से 21 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान में कोई भी पात्र हितग्राही सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे प्रभारी मंत्री से तालमेल बिठाकर हर गतिविधि का एक ठोस ‘माइक्रो-प्लान’ तैयार करें।

“एक पेड़ माँ के नाम”-तकनीक के साथ होगा पौधरोपण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्राथमिकताओं को जमीन पर उतारने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर नगरीय और ग्रामीण इलाकों में व्यापक स्तर पर पौध-रोपण किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार केवल पौधे लगाए नहीं जाएंगे, बल्कि उनकी जियो टैगिंग और क्यूआर कोड (QR Code) कोडिंग भी अनिवार्य रूप से की जाएगी, ताकि पौधों की सुरक्षा और विकास पर नजर रखी जा सके।

नगर पालिका परिषद धार के विशेष कार्यक्रम

नगर पालिका परिषद धार द्वारा “पर्यावरण बचाएँ, भविष्य संवारें” के नारे के साथ 5 जून को ये मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:

  • सुबह 7:00 से 8:00 बजे: कृषि उपज मंडी व मलुश्या बावड़ी पर जल चेतना कार्यक्रम

  • सुबह 8:00 से 9:00 बजे: एसपीडीए ग्राउंड धार पर सघन पौध-रोपण

  • शाम 5:00 बजे: पीजी कॉलेज स्टेडियम धार में पर्यावरण संगोष्ठी का आयोजन।

कलेक्टर की अपील: कलेक्टर ने प्लास्टिक और ठोस अपशिष्ट की सफाई के साथ-साथ जल स्रोतों के गहरीकरण के कार्यों को ‘युद्धस्तर’ पर करने के निर्देश दिए हैं और आम जनता से इस महा-अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

ब्लॉक स्तर पर लगेंगे ‘जनकल्याण शिविर’

अभियान का सबसे बड़ा फोकस 12 से 18 जून के बीच होने वाले 3 दिवसीय जनकल्याण शिविरों पर रहेगा। हर ब्लॉक में आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि लोक सेवा गारंटी और ‘समाधान एक दिन’ योजना के तहत आने वाली शिकायतों का निपटारा आवेदकों की संतुष्टि के साथ, समय-सीमा के भीतर किया जाए।

जैविक खेती को बढ़ावा, केमिकल को ‘ना’

केमिकल वाले फर्टिलाइजर के इस्तेमाल को कम करने और धरती को बचाने के लिए 19 और 20 जून को जिले में दो प्रमुख स्थानों पर प्राकृतिक और जैविक खेती की प्रदर्शनियां और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक और सुरक्षित खेती की ओर मोड़ना है।

मनेगा ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’

अभियान का समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के भव्य आयोजन के साथ होगा। कलेक्टर ने इसके लिए जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों और ऐतिहासिक धरोहरों को चुनने के निर्देश दिए हैं, ताकि योग के साथ-साथ धार की संस्कृति की झलक भी दिखे।

वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का सुनहरा मौका

कलेक्टर ने बताया कि योग दिवस का काउंट-डाउन खजुराहो से शुरू हो चुका है। 14 जून को सुबह 6:15 से 7:35 बजे तक गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए व्यक्तिगत श्रेणी की योग गतिविधि आयोजित होने जा रही है। इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनने के लिए नागरिक टोल-फ्री नंबर 18003157008 पर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *