Headlines

धार में पकड़ाया गोवंश से भरा ट्रक : 12 गायों को ठूंस-ठूंसकर भरा, दम घुटने से एक की गई जान

हरियाणा से कर्नाटक ले जा रहे थे तस्कर, गौरक्षक दल की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने बिछाया जाल, चालक-हेल्पर गिरफ्तार

धार: मध्य प्रदेश के धार में पुलिस ने गौवंश के अवैध परिवहन के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली धार पुलिस ने एक ट्रक से क्रूरतापूर्वक भरे गए गौवंश को बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो हरियाणा से इन गायों को कर्नाटक ले जा रहे थे।

क्या है पूरा मामला

​मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 12 जून को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर गौरक्षक दल के सदस्यों ने संदिग्ध ट्रक (क्रमांक HR 55 X 7693) को रोका और उसे थाना कोतवाली धार ले आए। जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो अंदर का नज़ारा दिल दहला देने वाला था। ट्रक में 12 जीवित गायों और एक बछड़े को अत्यंत क्रूर तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था, वहीं एक गाय की दम घुटने से मौत हो चुकी थी।

पूछताछ में हुआ खुलासा

​पुलिस ने ट्रक चालक हैप्पी पिता रमेश जाट (निवासी सिंगपुरा, जिला जींद, हरियाणा) और हेल्पर मोहम्मद जुनैद पिता कासिम मोहम्मद (निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन गोवंश को हरियाणा से कर्नाटक ले जा रहे थे, जहाँ इन्हें बेचने और काटने की योजना थी। आरोपियों के पास पशु परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र नहीं पाया गया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

​पुलिस ने मौके पर मिली क्रूरता और अवैध परिवहन के तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की है। आरोपियों पर निम्नलिखित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है:

  • मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004: धारा 4, 6, 6(क)/9
  • पशु क्रूरता निवारण अधिनियम: धारा 11(1)घ

पुलिस की चेतावनी

​धार पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अवैध गौवंश परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ऐसे अपराधों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ऑपरेशन में इनका रहा सराहनीय योगदान

​इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान, सहायक उप-निरीक्षक (सउनि) सुनील कुशवाह, आरक्षक दिनेश वर्डे और आरक्षक रुपेश (1054) की मुख्य भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *