Headlines

केसीसी लोन रिन्यूअल के नाम पर घूस लेते कंप्यूटर ऑपरेटर और सहायक प्रबंधक रंगे हाथों गिरफ्तार

लोकायुक्त इंदौर की बड़ी कार्रवाई, आवेदक से मांग रहे थे 20 हजार रूपये

इंदौर। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। देपालपुर क्षेत्र की सेवा सहकारी संस्था में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर और सहायक समिति प्रबंधक को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। आरोपी लोन रिन्यू करने की एवज में किसान से अवैध वसूली कर रहे थे।

​क्या है पूरा मामला

​लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी जाकिर हुसैन पटेल (62), जो कि ग्राम कुनघारा (तहसील देपालपुर) के निवासी हैं, ने वर्ष 2024 में 2 लाख रुपये का केसीसी लोन लिया था। नियमानुसार, यह राशि एक वर्ष बाद बिना ब्याज के जमा होनी थी, लेकिन वे इसे समय पर नहीं चुका पाए।

​वर्ष 2026 में जब उन्होंने अपना लोन रिन्यू करवाने की प्रक्रिया शुरू की, तो बैंक के नियमों के तहत उन्हें मूलधन के साथ 30,000 रुपये ब्याज जोड़कर कुल 2,30,000 रुपये जमा करने थे। आरोप है कि इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए आरोपी अमन जोशी (कंप्यूटर ऑपरेटर/प्रभारी समिति प्रबंधक) और रमेशचंद्र पंड्या (सहायक समिति प्रबंधक) ने उनसे 20,000 रुपये की अतिरिक्त रिश्वत की मांग की।

लोकायुक्त ने बिछाया जाल

​परेशान होकर फरियादी ने इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि होने के बाद, पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में एक विशेष ट्रैप टीम गठित की गई। आज, 12 जून को जैसे ही फरियादी ने गौतमपुरा स्थित सेवा सहकारी संस्था कार्यालय में आरोपियों को रिश्वत की रकम दी, पहले से मुस्तैद लोकायुक्त टीम ने दोनों को रंगे हाथों धर दबोचा।

​आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई

​लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथों पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई में कार्यवाहक निरीक्षक प्रतिभा तोमर सहित आरक्षक आदित्य सिंह भदौरिया, शैलेंद्र सिंह बघेल, आशीष नायडू, कमलेश परिहार और मनीष माथुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

​लोकायुक्त की जनता से अपील

​लोकायुक्त संगठन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी मुहिम लगातार जारी है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी भी कार्य के लिए रिश्वत की मांग करता है, तो बिना डरे लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में संपर्क करें।

  • पता: मोती बंगला, एम.जी. रोड, इंदौर – 452007
  • संपर्क सूत्र: 0731-2533160, 0731-2430100

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *