Headlines

मुआवजे के विवाद में लाठी–डंडों और पत्थरों से 13 आरोपियों ने एक परिवार पर किया हमला

पीडि़तों के 6 से ज्यादा घर तोड़े, अनाज व बर्तन ​बिखेरे, मोटरसाइकिल को किया क्षतिग्रस्त

पुलिस ने 13 नामजद आरोपियों के ​खिलाफ प्रकरण किया दर्ज, आरोपी फरार

धार। जमीन के मुआवजे के पैसों की भूख इंसानी रिश्तों और भाईचारे पर किस कदर हावी हो सकती है, इसका एक खौफनाक मंजर ग्राम लालगढ़ में देखने को मिला। अमझेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस गांव में मुआवजे की रकम को लेकर हुए विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि एक पक्ष के 13 लोगों ने मिलकर पूरे कुनबे पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमलावरों ने न सिर्फ लाठी-डंडों और पत्थरों से खून बहाया, बल्कि पीड़ित परिवार के आधे दर्जन से ज्यादा मकानों को भी तहस-नहस कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

गालियों से शुरू हुआ विवाद, फिर बरसने लगीं लाठियां और पत्थर

फरियादी रेवसिंह (35) पिता बिलाम भाभर ने पुलिस को आपबीती सुनाते हुए बताया कि 10 जून की सुबह करीब 10:00 बजे गांव के ही अमरसिंह, तूफान, राहुल और कुंवरसिंह समेत 13 लोग एक राय होकर (एकमत होकर) उसके घर आ धमके। वे सभी जमीन के मुआवजे के पैसों की मांग कर रहे थे। आते ही उन्होंने मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। जब हमने विरोध किया, तो वे लोग पूरी तैयारी के साथ हमारे ऊपर टूट पड़े। आरोपियों ने लाठी, डंडों और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में रेवसिंह के बाएं हाथ की कोहनी, बाएं पैर के टखने और जांघ में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी कालीबाई के दाहिने घुटने और परिवार के ही नवलसिंह की कलाई व पैर पर बेरहमी से वार किए गए।

सिर्फ खून नहीं बहाया, आशियाने भी उजाड़ दिए

आरोपियों का गुस्सा सिर्फ मारपीट तक ही शांत नहीं हुआ। वे पूरी तरह से तांडव मचाने के मूड में थे। हमलावरों ने मिलकर रेवसिंह के मकान के साथ-साथ उसके भाई मोहरसिंह, पिता बिलाम, पेपु, सुखराम और कटिया के मकानों में जमकर तोड़फोड़ की। घर के भीतर रखा अनाज बिखेर दिया गया, बर्तन और कपड़े फेंक दिए गए और बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जाते-जाते आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

इन 13 आरोपियों पर दर्ज हुई FIR

घटना के बाद घायल परिवार जैसे-तैसे थाने पहुंचा। अमझेरा पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर ग्राम लालगढ़ के ही निम्नलिखित 13 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मुख्य आरोपी में अमरसिंह पिता जामसिंह, तूफान पिता अमरसिंह, राहुल पिता अमरसिंह, मेरु पिता अमरसिंह, और कुंवरसिंह पिता जामसिंह है और अन्य सहयोगी में शैतान पिता पुना, धर्मेंद्र पिता शैतान, मडिया पिता मेथु, राहुल पिता रुगन, भेरु पिता मानसिंह, मेरु पिता पांगिया, सुनील पिता मेरु, और रतन पिता दीवान के ​खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

देरी से क्यों दर्ज हुआ मामला

घटना 10 जून की सुबह की है, जबकि पुलिस ने केस 12 जून की शाम 16:07 बजे दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि फरियादी पक्ष के घायल होने और उनके थाने रिपोर्ट करने आने में समय लगने के कारण कायमी में देरी हुई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और गांव में तनाव को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *