धार। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर स्थित एक ढाबे के पीछे बने गुप्त तलघर में चल रहे अवैध कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सरदारपुर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री, दालें, ऑयल और नकदी जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को दबोचा है और उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर ‘सीक्रेट तलघर’ में छापा
मामला ग्राम फुलगावड़ी का है, जहां राजपुताना ढाबा के पीछे बने एक तलघर में अवैध रूप से खाद्यान्न और तेल का स्टॉक छुपाकर रखा गया था। पुलिस को जैसे ही इसकी भनक लगी, टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर दी। तलाशी के दौरान तलघर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। वहां भारी मात्रा में व्यावसायिक और आवश्यक वस्तुएं अवैध रूप से डंप की गई थीं। पुलिस ने मौके से रोहित उर्फ विक्की (उम्र 33 वर्ष), निवासी वैभव कॉलोनी, राजगढ़ को हिरासत में लिया है।
क्या-क्या हुआ जब्त? देखिए पूरी रिकवरी लिस्ट:
- मसूर की दाल: कुल 16 थैलियां (प्रत्येक में 50-50 किलोग्राम), कुल वजन 800 किलोग्राम — कीमत ₹40,000/-
- मटर के बीज: कुल 06 प्लास्टिक थैलियां (प्रत्येक में 50-50 किलोग्राम), कुल वजन 300 किलोग्राम — कीमत ₹9,000/-
- सोडा: कुल 12 थैलियां (प्रत्येक में 50-50 किलोग्राम), कुल वजन 600 किलोग्राम — कीमत ₹12,000/-
- मूंघ: हरी-सफेद रंग की 01 थैली, कुल वजन 25 किलोग्राम — कीमत ₹2,500/-
- सोयाबीन का भूसा (DOC जैसा): कुल 20 थैलियां/बोरे, कुल वजन 500 किलोग्राम — कीमत ₹7,500/-
- कॉटन ऑयल (कैन व डिब्बे): सफेद व नीले रंग की 2 कैन (25-25 लीटर), 2 पीले डिब्बे (15-15 लीटर) और 2 नीली बाल्टियां (20-20 लीटर) फुल भरी हुई, कुल 120 लीटर — कीमत ₹16,800/-
- कॉटन ऑयल (ड्रम): 200 लीटर क्षमता वाला 01 नीले रंग का ड्रम (जिसमें लगभग 170 लीटर तेल भरा था) — कीमत ₹24,000/-
- नगद राशि: गल्ले की तलाशी के दौरान बरामद हुई नगदी — कुल ₹25,800/-
- कुल जब्ती: सामग्री और नगद मिलाकर करीब ₹1,37,600 का माल पुलिस ने पंचों के समक्ष विधिवत जब्त किया।
इन धाराओं में फंसा आरोपी, जांच शुरू
सरदारपुर पुलिस ने आरोपी रोहित उर्फ विक्की के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2) और 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस टीम द्वारा मौके पर कार्रवाई कर थाने लौटने और कागजी औपचारिकताएं पूरी करने (वापसी पर) के कारण कायमी 14 जून की रात 22:52 बजे की गई।
अब पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इतने बड़े पैमाने पर राशन और तेल का यह काला कारोबार कब से चल रहा था और इसके तार किन-किन बड़े चेहरों से जुड़े हैं। हाईवे के ढाबों के पीछे चल रहे ऐसे रैकेट के खुलासे के बाद क्षेत्र के अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी हड़कंप मच गया है।
