Headlines

कुत्ते के हमले में घायल हितांशी के इलाज के लिए रेडक्रॉस से 1 लाख की त्वरित सहायता स्वीकृत

संकट में किसान परिवार को मिला जिला प्रशासन का संबल

कलेक्टर ने फोन पर मासूम बच्ची के जाने हालचाल

धार। धार जिले के नालछा विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम बांग्ला बिल्लौद में पिछले रविवार की शाम को एक आवारा कुत्ते के हमले में तीन वर्षीय बालिका हितांशी जाट गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश पर पीड़ित परिवार को रेडक्रॉस सोसायटी से एक लाख रुपये की त्वरित आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई। इस निर्देश के पालन में पीथमपुर तहसीलदार शिवानी श्रीवास्तव ने इंदौर के निजी चिकित्सालय पहुंचकर घायल बच्ची का हालचाल जाना और परिजनों को सहायता राशि का चेक सौंपा।

प्रशासनिक सक्रियता दिखाते हुए तहसीलदार ने अस्पताल में उपस्थित डॉक्टरों से बच्ची के स्वास्थ्य और उसके चल रहे प्लास्टिक सर्जिकल उपचार के संबंध में विस्तृत चर्चा की। इसके साथ ही कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने दूरभाष के माध्यम से बालिका के पिता आनंद जाट से सीधे बातचीत की। उन्होंने बच्ची के स्वास्थ्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

पीड़ित हितांशी एक साधारण कृषक परिवार से ताल्लुक रखती है। रविवार को हुए इस आकस्मिक हमले में उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद इलाज के भारी खर्च को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यह त्वरित कदम उठाया गया है। कलेक्टर मीना ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया है कि जिला प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है और भविष्य में भी किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सहायता अथवा प्रशासनिक मदद की आवश्यकता होने पर उसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *