Headlines

धार का पीएम मित्रा पार्क बनेगा देश का सबसे बड़ा टेक्सटाइल हब

20 हजार करोड़ के निवेश प्रस्तावों से खुलेंगे 46 हजार रोज़गार के रास्ते

वैश्विक ब्रांड्स की सप्लाई चेन से जुड़ेगा इंदौर-धार क्षेत्र

धार। मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी टेक्सटाइल विनिर्माण और निर्यात केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ी छलांग लगाई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में धार जिले में देश के सबसे बड़े ‘पीएम मित्रा पार्क’ का विकास तेजी से किया जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस पार्क के प्रति निवेशकों में भारी उत्साह है, जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि परियोजना के लिए अब तक अनुमानित लागत से लगभग दस गुना अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। इससे न केवल औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोज़गार का एक बड़ा इकोसिस्टम तैयार होगा।

लगभग 2,156 एकड़ क्षेत्र में फैला यह महत्वाकांक्षी पीएम मित्रा पार्क मध्यप्रदेश के धार जिले में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में इस 2,063 करोड़ रुपए की परियोजना की नियमित समीक्षा भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय और मध्यप्रदेश शासन द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है। वर्तमान में पार्क के प्रथम और द्वितीय चरण के तहत 1,100 एकड़ से अधिक भूमि उद्योगों को आवंटित की जा चुकी है, जबकि तीसरे चरण की आवंटन प्रक्रिया भी जल्द शुरू होने वाली है।

अधोसंरचना और विकास कार्यों की स्थिति

परियोजना के तहत औद्योगिक आवश्यकताओं के लिए बुनियादी ढांचे का निर्माण समय-सीमा के भीतर अंतिम चरण में है:

  • विद्युत आपूर्ति: पार्क को डिस्कॉम लाइसेंस मिल चुका है और बाह्य विद्युत अधोसंरचना का काम पूरा हो गया है, जिससे निर्बाध बिजली सुनिश्चित होगी।
  • सिविल कार्य: आंतरिक सड़कों, जलापूर्ति, ड्रेनेज, सीईटीपी (CETP), एसटीपी (STP) और कॉमन फैसिलिटी सेंटर का निर्माण तेजी से जारी है।
  • अतिरिक्त सुविधाएं: परीक्षण प्रयोगशालाएं, इन्क्यूबेशन सेंटर और प्लग एंड प्ले शेड्स जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
  • कनेक्टिविटी: यह पार्क राष्ट्रीय राजमार्ग और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से फोर-लेन सड़क द्वारा जुड़ चुका है, जबकि रेलवे संपर्क के लिए व्यवहार्यता अध्ययन चल रहा है।

इस परियोजना के दूरगामी प्रभाव मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोज़गार परिदृश्य को बदलने वाले साबित होंगे। अब तक प्राप्त हो चुके 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्तावों से क्षेत्र में 46 हजार से अधिक रोज़गार सृजित होने की संभावना है। हाल ही में ताइवान के एक उद्योग प्रतिनिधिमंडल ने भी यहाँ का दौरा कर निवेश संभावनाओं का आकलन किया है।

यह पार्क और इंदौर के आसपास स्थापित हो रही नई गारमेंट इकाइयां (जैसे OFB Tech, Noize, Zeel और अरविंद समूह) मिलकर एक सशक्त टेक्सटाइल इकोसिस्टम का निर्माण कर रही हैं। भविष्य में यहाँ तैयार होने वाले परिधानों की आपूर्ति H&M, Zara, Arrow और US Polo जैसे बड़े राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों को होने की व्यापक संभावनाएं हैं, जिससे इंदौर-धार क्षेत्र वैश्विक टेक्सटाइल और गारमेंट विनिर्माण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित हो जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *