Headlines

चाकू दिखाकर बाइक और नकदी लूटने वाले दो बदमाश 24 घंटे में गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से खुली लूट की गुत्थी

धार। जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने अपराध दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।

यह सनसनीखेज वारदात बीते 7 जुलाई की शाम करीब 05:15 बजे पीथमपुर के सेक्टर-3 स्थित क्लिक होटल के पीछे वाली गली में हुई। करवासा (थाना बेटमा, जिला इंदौर) के रहने वाले 18 वर्षीय फरियादी वंश पिता मोहन सोलंकी के साथ दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू से मारपीट की। इसके बाद आरोपी उनसे 2,000 रुपये नकद और उनकी हीरो होंडा शाइन मोटरसाइकिल लूटकर मौके से फरार हो गए। घायल फरियादी को इलाज के लिए उनके मित्र द्वारा महू के गेटवेल अस्पताल ले जाया गया, जहां से मिली सूचना के आधार पर 10 जुलाई को थाना पीथमपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 314/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सैकड़ों घंटे के फुटेज खंगालने के बाद मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से लगभग 3 किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों के सैकड़ों घंटे के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी में दिखे हुलिये के आधार पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। सटीक सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों मंजू लोधी (21 वर्ष, निवासी सागर, हाल मुकाम पीथमपुर) और शिवा अलावा (20 वर्ष, निवासी अलीराजपुर, हाल मुकाम पीथमपुर) को धरदबोचा। 

इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई में पीथमपुर थाना प्रभारी सुनील शर्मा, उप निरीक्षक पी.एस. बारिया, प्रधान आरक्षक विशाल महाजन, आरक्षक लखन और आरक्षक आकाश की मुख्य भूमिका रही।

पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना पीथमपुर में अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है, जिससे क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों के संबंध में भी सुराग मिलने की संभावना है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *