Headlines

नशे से स्वास्थ्य और परिवार होते खराब, अपराधों में होती है बढ़ोतरी

नशामुक्ति अभियान : 15 से 30 जुलाई तक जिले में चलेगा जन-जागृति अभियान

धार। नशीले पदार्थों का सेवन आज एक गंभीर सामाजिक बीमारी बन चुका है। यह न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद कर रहा है, बल्कि परिवारों को तबाह करने के साथ-साथ अपराधों में बढ़ोतरी की भी बड़ी वजह है। इसी गंभीर समस्या को जड़ से मिटाने और एक स्वस्थ, नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जिले में 15 जुलाई से 30 जुलाई तक एक बड़ा ‘नशामुक्ति जन जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है।

इस 15 दिवसीय महा-अभियान की तैयारियों को लेकर पुलिस कार्यालय सभाकक्ष में नारकोटिक्स विभाग की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा समेत तमाम संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

जन-आंदोलन बनेगा नशामुक्ति अभियान: कलेक्टर

बैठक के दौरान कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने सख्त लहजे में कहा कि प्रदेश सरकार की मंशानुसार यह अभियान पूरे जिले में 15 जुलाई से 30 जुलाई तक निरंतर और प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा। इसे केवल एक सरकारी कार्यक्रम न रखकर एक ‘जन-आंदोलन’ का रूप दिया जाएगा।

कलेक्टर मीना ने कहा कि नशीले पदार्थों से दूरी आज के समय में बेहद आवश्यक है। इस अभियान के तहत ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिवों से लेकर महाविद्यालयों, स्कूल शिक्षा, सामाजिक न्याय, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और खेल एवं युवा कल्याण विभाग को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

15 जुलाई को निकलेगी महा-रैली, नुक्कड़ नाटकों से होगा अवेयरनेस

कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि अभियान के पहले दिन यानी 15 जुलाई को स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम-नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, NCC, स्काउट गाइड और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर जिले भर में नशे के खिलाफ एक भव्य जागरूकता रैली निकाली जाएगी। इसके अलावा:

  • परिवहन विभाग : वाहनों पर नशे के खिलाफ बैनर और पोस्टर चस्पा करेगा।
  • सामाजिक न्याय विभाग : सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को जागरूक करेगा।

सोशल मीडिया पर चलेंगे प्रेरक संदेश, अवैध कारोबारियों पर होगी सख्ती

बैठक में पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए। एसपी ने अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कई कड़े और रचनात्मक सुझाव दिए :

  • प्रतियोगिताएं : स्कूलों और कॉलेजों में चित्रकला, निबंध, पेंटिंग, स्लोगन और रंगोली-पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
  • सेलिब्रिटी और ऑफिसर्स के संदेश : जिले के गणमान्य व्यक्तियों, खिलाड़ियों और वरिष्ठ अधिकारियों के नशामुक्त संदेशों को रिकॉर्ड कर सार्वजनिक स्थलों पर प्रसारित किया जाएगा।
  • सोशल मीडिया कैंपेन : नशा छोड़ चुके व्यक्तियों के प्रेरक बयानों और अनुभवों को सोशल मीडिया पर शेयर किया जाएगा ताकि दूसरों को प्रेरणा मिले।
  • ग्राउंड टीम की भागीदारी : महिला एवं बाल विकास विभाग के शौर्य दल के सदस्यों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और ग्राम-नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों को इस अभियान से सीधे जोड़ा जाएगा।

अवैध नशे के कारोबार पर चलेगा हंटर

इस 15 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना तो है ही, साथ ही माफियाओं पर नकेल कसना भी है। बैठक में साफ किया गया कि अभियान के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

इसके साथ ही, युवाओं को जोड़ने के लिए विश्वविद्यालयों और स्कूलों में रील निर्माण, जनसंवाद और नुक्कड़ नाटक जैसे डिजिटल और पारंपरिक माध्यमों का सहारा लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *