धार। जिले के राजगढ़ में इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन रोड पर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात समाज में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। यहाँ मोहनखेड़ा ब्रिज पर घात लगाए बैठे तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एक युवती के गले से सोने की चेन झपट ली और पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए।
यह घटना 19 जुलाई रविवार की रात करीब 10:40 बजे की है। फरियादी हार्दिक (27 वर्ष), पिता अनिल जैन, निवासी 6 चौमुखी पुल, थाना माणकचौक, जिला रतलाम, अपनी ममेरी बहन हंसी कापड़िया के साथ स्कूटी से जा रहे थे। सोलंकी रेस्टोरेंट धुलेट से भोजन पार्सल का ऑर्डर करने के बाद, वे कुक्षी चौकड़ी की तरफ राइड कर रहे थे। इसी दौरान मोहनखेड़ा ब्रिज के अंधेरे हिस्से में पीछे से आए एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने हंसी के गले से पुरानी इस्तेमाली सोने की चेन ताकत से खींच ली और कुक्षी चौकड़ी की ओर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलने पर थाना राजगढ़ में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत आपराधिक प्रकरण पंजीकृत किया है। फरियादी के थाने पर विलंब से पहुंचने के कारण इस मामले की कायमी 20 जुलाई रविवार–सोमवार दरमियानी रात 12:26 बजे की गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
फोरलेन हाईवे और ब्रिज पर स्ट्रीट लाइट न होने के कारण छाए अंधेरे ने इस वारदात में अपराधियों की मदद की। इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस के गश्ती दल (पेट्रोलिंग) की सतर्कता और हाईवे पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और हुलिए के आधार पर अज्ञात तीनों आरोपियों की सरगर्मी से तलाश में जुट गई है, ताकि इस मार्ग पर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
