आरोपी पहले भी पांच बार कर चुका है मासूम श्वान के साथ घिनौनी हरकत
धार। धार जिले के धरमपुरी में एक बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता और यौन शोषण की एक बेहद विचलित करने वाली घटना सामने आई है। तारापुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर रहने वाली एक शांत और स्वस्थ मादा श्वान (फीमेल डॉग) को हवस और विकृति का शिकार बनाया गया है। इस घिनौनी हरकत का पता चलते ही पशु क्रूरता निवारण संगठन (PFA) सक्रिय हो गया है और मामले ने तूल पकड़ लिया है।
17 जुलाई 2026 की शाम को धार से धरमपुरी आने-जाने वाली एक बस (नंबर MP 14 P 0388) के यात्री गुलाब वर्मा ने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी धरमपुरी का ही निवासी है। उसने बदनीयत से श्वान को उठाया और पास के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस कृत्य को अमित चौरसिया और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने रंगे हाथों देखा, जिसके बाद पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी गई।
पहले भी दी गई थी चेतावनी
चश्मदीदों और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों के मुताबिक, आरोपी गुलाब वर्मा पहले भी 5 बार इस बेजुबान जानवर के साथ इस तरह की घिनौनी हरकत कर चुका था। हर बार पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने उसे रंगे हाथों पकड़कर चेतावनी दी थी और समझाइश देकर छोड़ दिया था। लेकिन आरोपी की आदतों में कोई सुधार नहीं आया और उसने दोबारा इस गंभीर अपराध को अंजाम दे डाला।
कानूनी धाराओं के तहत शिकायत
पशु कार्यकर्ताओं के अनुसार, किसी भी बेजुबान के साथ ऐसा यौन शोषण और क्रूरता करना सीधे तौर पर कानून का उल्लंघन है। यह कृत्य पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 (PCA एक्ट) के सेक्शन 11 और भारतीय न्याय संहिता के सेक्शन 325 के तहत एक दंडात्मक और गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है, जिसके तहत कड़ी सजा का प्रावधान है।
पुलिस और PFA का पक्ष
धरमपुरी थाना प्रभारी सरदार सिंह सोलंकी ने बताया कि पीएफए यूनिट धार की विजया शर्मा द्वारा थाने में एक लिखित आवेदन दिया गया है। आवेदन में एक मादा श्वान के साथ दुष्कर्म किए जाने का उल्लेख है। पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर लिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मामले में शिकायतकर्ता पीएफए की विजया शर्मा ने बताया कि उन्हें एक मादा श्वान के साथ क्रूरता और दुष्कर्म होने की सूचना मिली थी। जब उन्होंने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर तस्दीक की, तो घटना पूरी तरह सच पाई गई। इसके बाद तुरंत धरमपुरी थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की गई।
विजया शर्मा ने समाज में बढ़ती इस तरह की विकृति पर गहरी चिंता जताते हुए कहा, “थाना प्रभारी ने हमें आश्वासन दिया है कि सुबह इस मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी। ऐसी अमानवीय घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जो व्यक्ति आज एक बेजुबान श्वान के साथ ऐसा घिनौना कृत्य कर सकता है, वह कल किसी मासूम बच्ची को भी अपना शिकार बना सकता है। ऐसी मानसिकता समाज के लिए बेहद खतरनाक है, इसीलिए हमें तुरंत मौके पर आकर यह कदम उठाना पड़ा।”
इस घटना ने स्थानीय समाज और पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। PFA की विजया शर्मा और शिकायतकर्ताओं का मानना है कि ऐसे विक्षिप्त और यौन कुंठा से ग्रसित अपराधी समाज के लिए बड़ा खतरा हैं। इलाके के लोग अब पुलिस से ऐसी सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं जो एक नजीर बन सके।


