एक महिला ने लगाई फांसी तो दूसरी ने जहर खाकर की आत्महत्या, आरोपियों पर केस दर्ज
धार। घरेलू कलह, मानसिक उत्पीड़न और आपसी विवाद किस तरह किसी हंसते-खेलते जीवन को लील लेते हैं, इसकी दो दर्दनाक तस्वीरें धार जिले के बदनावर और कुक्षी थानों से सामने आई हैं। दोनों ही मामलों में प्रताड़ना से तंग आकर दो महिलाओं को अपनी जीवन लीला समाप्त करने जैसा आत्मघाती कदम उठाना पड़ा। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में बीएनएस की धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
पहली घटना बदनावर थाना क्षेत्र के ग्राम भडकिया तलाई की है, जहां 26 जून को दोपहर 1 से 3 बजे के बीच काम-काज को लेकर दी जाने वाली प्रताड़ना से परेशान होकर 18 वर्षीय मृतिका माया पति अजय खराडी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मर्ग क्रमांक 76/26 की जांच के बाद पुलिस ने मृतिका की सास दशा बाई उर्फ दाखाबाई और पति अजय खराडी के खिलाफ धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है।
वहीं, दूसरी घटना कुक्षी थाना क्षेत्र के ग्राम कापसीपुरा की है, जहां 23 मई को रात करीब 1:00 बजे जमीन विवाद के कारण हुई गाली-गलौज और झगड़े से तंग आकर 26 वर्षीय मृतिका रचना पति दीपक सोलंकी ने जहरीले कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। इस मामले में मर्ग क्रमांक 74/2026 की जांच के आधार पर आरोपी शिवराम, आकाश और गौतम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों ही मामलों में कायमी 29 जुलाई को की गई।
मर्ग जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा अब आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि पीड़ितों को न्याय दिलाया जा सके।
