लेड़गाँव में आधी रात को खौफनाक वारदात, पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
धार। जिले के अमझेरा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम लेड़गाँव में आधी रात को अपराध की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। बेखौफ बदमाशों ने न सिर्फ एक महिला के घर की दीवार में सेंध लगाई, बल्कि विरोध करने पर उन पर जानलेवा हमला कर चाँदी के कीमती जेवरात लूटकर रफूचक्कर हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद से ही क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना ग्राम लेड़गाँव निवासी 55 वर्षीया नर्मदाबाई (पति स्व. कैलाश फुलवारे) के घर पर 28 जुलाई की रात लगभग 11:00 बजे घटी। पीड़ित महिला के अनुसार, अज्ञात आरोपियों (जिसमें एक पुरुष और महिला शामिल बताए जा रहे हैं) ने रात के अंधेरे में घर की दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद एक आरोपी ने लोहे की टॉमी से नर्मदाबाई के उल्टे पैर की पिंडली पर जोरदार वार किया, जिससे वे घायल हो गईं। इसके बाद बदमाश पीड़िता के पैरों से चाँदी की कड़ियाँ, आधा किलोग्राम वजन का चाँदी का कंदोरा, एक जोड़ी पैर की बिछिया (अंगूठी) और बच्चे के करीब 50 ग्राम वजन के चाँदी के कड़े जबरन लूटकर फरार हो गए।
घटना के अगले दिन, यानी 29 जुलाई को शाम 06:03 बजे, देहाती नालसी (क्र. 0/26) की असल कायमी के आधार पर थाना अमझेरा में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी पुरुष व महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 332(b) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है।
ग्रामीण अंचल में घर की दीवार तोड़कर इस तरह डकैती जैसी वारदात को अंजाम देने से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता उत्पन्न हो गई है। पुलिस अब आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की धरपकड़ और मामले की गहन छानबीन में जुट गई है। पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द इस गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
