Headlines

आधी रात को धार के त्रिमूर्ति नगर में पान की दुकान से लाखों की चोरी

चोर कैमरे का डीवीआर और दुकान का अन्य सामान चुराकर भागे

अज्ञात चोरों के ​खिलाफ नौगांव थाने में दर्ज हुआ प्रकरण, पुलिस कर रही है जांच

धार। धार के इंदौर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास अचानक हुई एक बड़ी चोरी की वारदात से इलाके के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। चोरों ने न केवल दुकान में रखे महंगे सामान और नकदी जैसी चीज़ों को निशाना बनाया, बल्कि पुलिस से बचने के लिए सीसीटीवी कैमरे का DVR तक अपने साथ उखाड़ ले गए।

घटना सोमवार और मंगलवार (04 अगस्त) की दरमियानी रात लगभग 01:00 से 01:40 बजे के बीच की है। फरियादी सूरज गवली (उम्र 27 वर्ष, निवासी 56, मगजपुरा, धार) ने बताया कि वे रोज़ की तरह रात को अपनी पान की गुमटी बंद कर घर गए थे। मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे जब उनके पिता विनोद गवली दुकान खोलने पहुंचे, तो शटर में लगे दोनों ताले टूटे मिले। सूचना मिलते ही सूरज मौके पर पहुंचे और अंदर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।

चोरों ने दुकान के तीन रैकों में रखी क्लासिक, बड़ी गोल्ड फ्लैक, कनेक्ट, मालबोरो, हर्बल सिगरेट के पैकेटों के अलावा गन लाइटर, चार्जिंग लाइटर, फैंसी लाइटर, हुक्का फ्लेवर, आर्टिफिशियल सामान, परफ्यूम, घड़ियां, चश्मे, चेन और करीब 6,000 रुपए की कीमत का हिकविजन कंपनी का DVR चोरी कर लिया। फरियादी के अनुसार कुल चोरी गए सामान की कीमत लगभग ढाई से पौने तीन लाख रुपए है। मामले में नौगांव पुलिस थाने ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता  की धारा 331(4) और 305(a) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित का पक्ष और आजीविका पर संकट : पीड़ित सूरज गवली ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, “मेरी और मेरे पूरे परिवार की आजीविका इसी पान की दुकान से चलती है। इस चोरी से मुझे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और अब घर का खर्च और आजीविका चलाने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ेगा।”

इस चोरी की घटना ने स्थानीय दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सीसीटीवी का DVR चोरी हो जाने के कारण पुलिस के लिए चोरों तक पहुँचना एक चुनौती बन गया है, हालांकि नौगांव पुलिस आसपास के अन्य रास्तों के कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *