धार। जब युवा किसी संकल्प के साथ आगे आते हैं, तो बदलाव की बयार बहने लगती है। कुछ ऐसा ही नजारा धार के ऐतिहासिक किला परिसर में देखने को मिला, जहाँ ‘माय भारत’ के युवाओं और वालंटियर्स ने श्रमदान कर पूरे परिसर को स्वच्छ बनाने की कमान संभाली।
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय (भारत सरकार) के ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा 1 अगस्त से 15 अगस्त तक ‘स्वच्छता पखवाड़े’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत के मार्गदर्शन में धार के ऐतिहासिक किला परिसर में एक दिवसीय स्वच्छता अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस अभियान में अमित भगोरे, सुमित गावड, विशाल सहित ‘माय भारत’, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), एनसीसी (NCC) और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के बड़ी संख्या में वालंटियर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान के दौरान वालंटियर्स ने किला परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी युवाओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और आम जनता को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।
ऐतिहासिक स्थलों पर चलाए गए इस प्रकार के स्वच्छता अभियानों से न केवल हमारी धरोहरें स्वच्छ और संरक्षित रहती हैं, बल्कि यह समाज और युवाओं में अपनी ऐतिहासिक विरासत के प्रति जिम्मेदारी और कचरा प्रबंधन की नई सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
