Headlines

मिलावटी घी पर बड़ा क्रैकडाउन : धार जिले में 4.59 लाख रुपये का 680 लीटर घी जप्त, कई दुकानों पर छापेमारी

धार, मनावर और राजगढ़-सरदारपुर से घी के नमूने जांच के लिए भेजे

धार। त्योहारों और आम दिनों में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिले में शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासनिक टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाइयां करते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध देसी घी जप्त किया है।

कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश और आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्य प्रदेश के आदेश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने धार, मनावर और सरदारपुर (राजगढ़) क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी निर्मला सोमकुंवर, आरजी माऊटा एवं सुभाष खेडकर की टीम ने छापामार कार्रवाई कर कुल 4 लाख 59 हजार 477 रुपये मूल्य का 521 लीटर ‘धौलपुर फ्रेश’ और 156 किलो ‘श्रीकंचन’ देसी घी जप्त किया है।

कार्रवाई का बिंदुवार विवरण

  • गिरिराज ट्रेडर्स (धार) : प्रोपराइटर श्री पुरुषोत्तम दास गुप्ता के प्रतिष्ठान से ‘धौलपुर फ्रेश देसी घी’ के अलग-अलग पैकिंग के 05 नमूने लिए गए। यहाँ से 407 लीटर घी (अनुमानित मूल्य: ₹2,61,000) जप्त किया गया।
  • गोल्टी टी एजेंसी (मनावर) : थोक विक्रेता श्री विनोद पाटीदार के यहाँ से ‘धौलपुर फ्रेश देसी घी’ के 07 नमूने लिए गए और 102 लीटर घी (अनुमानित मूल्य: ₹82,842) जप्त किया गया।
  • नवकारश्री ट्रेडर्स (राजगढ़, सरदारपुर) : यहाँ से ‘श्रीकंचन घी’ (निर्माता: सिद्ध फूड्स प्रा. लि., सोनकच्छ, देवास) के 02 नमूने लेकर 156 किलो घी (अनुमानित मूल्य: ₹1,15,635) तथा ‘चन्द्रकमल देसी घी’ का 200 ग्राम नमूना लेकर 15 लीटर घी (अनुमानित मूल्य: ₹8,500) जप्त किया गया।

टीम द्वारा कार्रवाई के दौरान एकत्रित किए गए सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के कड़े प्रावधानों के तहत संबंधित विक्रेताओं और निर्माताओं के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *