धार। खेत में पेड़ के नीचे बिखरे चने के दानों ने एक बड़े चोरी के मामले का खुलासा कर दिया। जोतपुर स्थित एक फार्म हाउस से अज्ञात चोर ताला तोड़कर कमरे में रखी कीमती डॉलर चने की 6 बोरियां चुरा ले गए। चोरी गए माल की कीमत लगभग 35 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला मनावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जोतपुर का है। फरियादी शैलेन्द्र पिता श्रीधर पाटीदार (उम्र 58 वर्ष) ने अपने फार्म हाउस पर कुल 200 बोरी डॉलर चना भंडारित कर रखा था। वे 29 जुलाई की शाम करीब 4:00 बजे फार्म हाउस बंद कर अपने घर चले गए थे। इसके बाद जब वे 13 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे फार्म हाउस पहुंचे, तो उन्होंने परिसर में एक पेड़ के नीचे डॉलर चने बिखरे हुए देखे। शंका होने पर जब उन्होंने अंदर जाकर देखा, तो भंडार कक्ष का ताला टूटा हुआ मिला। गिनती करने पर 200 बोरियों में से 6 बोरियां गायब पाई गईं। साथ ही ऊपरी मंजिल का दरवाजा भी खुला हुआ मिला, जिससे स्पष्ट हुआ कि अज्ञात चोर ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
फरियादी द्वारा बाकानेर चौकी पहुंचकर सूचना देने के बाद मनावर पुलिस ने 13 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3) एवं 305(ए) के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। क्षेत्र में सूने फार्म हाउसों को निशाना बनाने की इस घटना के बाद पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश और माल की बरामदगी के लिए संदिग्धों से पूछताछ व छानबीन में जुट गई है।
