Headlines

किला मैदान पर गूंजे देशभक्ति के तराने : धार में कलेक्टर ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी

ढाई साल में 9,451 करोड़ के विकास कार्यों का ब्योरा जारी

धार। राष्ट्रभक्ति के गीतों, अनुशासित कदमताल और उमंग भरे माहौल के बीच धार जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय रूप से मनाया गया। हर घर तिरंगा अभियान के उत्साह के साथ किला मैदान पर आयोजित मुख्य समारोह में देशभक्ति और विकास का अनूठा संगम देखने को मिला।

15 अगस्त को जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक किला मैदान पर मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुआ। कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा की मौजूदगी में ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में एसएएफ व पुलिस प्लाटून ने हर्षफायर किया और पुलिस बैंड ने राष्ट्रीय धुन प्रस्तुत की। परेड का नेतृत्व परिवीक्षाधीन डीएसपी गगन हनवत ने किया। इस दौरान विधायक नीना वर्मा, निलेश भारती सहित प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण भी देखा व सुना।

उत्कृष्ट प्रतिभाओं और सेनानी परिवारों का सम्मान

कलेक्टर ने जिलेवासियों को बधाई देते हुए राष्ट्र निर्माण और जिले की प्रगति में भागीदारी का आह्वान किया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रतिभावान विद्यार्थियों के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों (मीसाबंदी) को सम्मानित किया गया।

​परेड सीनियर वर्ग में विशेष सशस्त्र बल, जूनियर वर्ग में एनसीसी उत्कृष्ट विद्यालय (बालक) तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय भोज कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

ढाई वर्ष में 9,451 करोड़ का विकास और बढ़ता औद्योगिक दायरा

समारोह में जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘धार जिले की विकास गाथा’ पुस्तक का वितरण किया गया, जिसमें जिले के विकास का पूरा खाका प्रस्तुत किया गया। आंकड़ों के अनुसार, विगत ढाई वर्षों में जिले के समग्र विकास पर 9,451.16 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। नेशनल अप्रेन्टिसशिप स्कीम में धार ने 5,008 युवाओं को जोड़कर पूरे मध्य प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।

​जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 43,287 हितग्राहियों को 5,194.44 करोड़ रुपये तथा लाड़ली बहना योजना में 3.95 लाख से अधिक महिलाओं को 1,713.31 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। आने वाले समय में भैंसोला में 88.75 करोड़ की लागत से बनने वाला ‘पीएम मित्र पार्क’ और जेतपुरा का नया औद्योगिक क्षेत्र (130 करोड़ का प्रस्तावित निवेश) जिले को बड़े विनिर्माण और रोजगार केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *