Headlines

धार कोतवाली क्षेत्र में आधी रात को विवाद : टामी और लात-घूंसों से हमला

बीच-बचाव करने आए युवकों को भी पीटा, केस दर्ज

धार। गाड़ी सीज करने को लेकर उपजा सामान्य सा विवाद देर रात धार शहर में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बात बढ़ने पर हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए कार से लोहे की टामी निकाल ली और जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक युवक गंभीर रूप से चोटिल हुआ है, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके दो साथियों को भी लात-घूंसों से पीटा गया।

​घटना 9 सितंबर बुधवार की रात करीब 11:00 से 11:15 बजे के बीच धार स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने हुई। फरियादी आदर्श तिवारी (31 वर्ष), निवासी डीआरपी लाइन धार, ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, कडोला निवासी अर्जुन ठाकुर, राजा ठाकुर और उनके एक अन्य साथी ने गाड़ी सीजिंग की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद के दौरान राजा ठाकुर ने कार से टामी निकालकर आदर्श पर वार कर दिया, जिससे उनके बाएं हाथ और दाहिनी पसली में चोट आई। शोर सुनकर जब फेज खान और अमन मराठा बीच-बचाव करने पहुंचे, तो अर्जुन ठाकुर के साथी ने उन पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस मारपीट में आदर्श की पीठ और गले पर भी चोटें आई हैं। आरोपियों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।

​पीड़ित की शिकायत पर थाना कोतवाली धार ने 10 सितंबर को बुधवार-गुरुवार दरमियानी रात 01:20 बजे आरोपी अर्जुन ठाकुर, राजा ठाकुर और एक अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(a), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शहर के व्यस्त पेट्रोल पंप क्षेत्र में देर रात हुई इस हिंसक वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *