धार। लंबे समय से कानून की नजरों से बच रहे अपराधियों के खिलाफ धार पुलिस की सक्रियता का बड़ा असर देखने को मिला है। चेक बाउंस से जुड़े मामलों में अदालत से जारी 6 स्थायी वारंटों को धता बताकर फरार चल रहे एक आरोपी को कुक्षी थाना पुलिस ने सुजालपुर पहुंचकर दबोच लिया। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन पुख्ता सूचना तंत्र के आगे उसकी चालाकी धरी रह गई।
धार जिले के कुक्षी थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत पुलिस टीम ने जिला शाजापुर के सुजालपुर में दबिश देकर 48 वर्षीय नफीस खान (पिता हबीब खान) को गिरफ्तार किया। आरोपी नफीस के खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम (एन.आई. एक्ट) की धारा 138 से संबंधित कुल 6 स्थायी वारंट लंबित थे। पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी कुक्षी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान के नेतृत्व वाली टीम ने संभावित ठिकानों की निगरानी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
इस कार्रवाई में थाना कुक्षी के प्रधान आरक्षक प्रमोद (क्र. 825) और प्रधान आरक्षक सोनू चौहान (क्र. 143) की मुख्य भूमिका रही। दोनों पुलिसकर्मियों ने आरोपी की गतिविधियों की सटीक पतारसी कर उसे पकड़ने में सफलता पाई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कुक्षी लाकर वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई और न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
लंबे समय से विचाराधीन मामलों में स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी से न्यायालयीन प्रक्रियाओं में तेजी आएगी और पीड़ितों को न्याय मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा। धार पुलिस प्रशासन के अनुसार, न्यायिक आदेशों की अवहेलना करने वाले और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के विरुद्ध यह सघन अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
