धार। सार्वजनिक स्थल पर एक युवक के साथ सरेराह मारपीट करने वाले उपद्रवियों पर कुक्षी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई का शिकंजा कसा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश और थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान के नेतृत्व में गठित टीम ने घेराबंदी कर इस मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
घटना 8 सितंबर की है, जब कुक्षी में पुराने थाना भवन के सामने आरोपियों ने एक युवक के साथ जमकर मारपीट की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 406/2026 पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 191(2) और एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद मुखबिर तंत्र और त्वरित छानबीन के आधार पर पुलिस टीम ने विजय स्तंभ चौराहा के पास से तीनों मुख्य आरोपियों तौहिद (24), वाकिब (41) दोनों निवासी शिव कॉलोनी और जिशान (21) निवासी लक्ष्मी कॉलोनी को हिरासत में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए BNSS की धारा 170, 126, 135(3) व 126(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कदम भी उठाए गए। इस त्वरित कार्रवाई में उनि गिलदार सिंह बघेल, सउनि चंचल सिंह चौहान, सउनि गौरीशंकर सोलंकी, प्र.आर. प्रमोद, प्र.आर. सोनू चौहान और आरक्षक विपिन की सक्रिय भूमिका रही।
सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस की इस सख्त व त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में कड़ा संदेश गया है, जिससे नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
