पौधारोपण से लेकर हाट बाजार तक कई बड़े आयोजन
धार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में धार जिला सेवा और पर्यावरण के रंग में रंगा नजर आएगा। 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलने वाले एक महीने के “सेवा संकल्प अभियान-2026” के तहत पूरे जिले में कई जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के पहले दिन की सबसे भव्य तस्वीर शाम को देखने को मिलेगी, जब पूरे जिले में करीब 6 लाख “आशीर्वाद के दीये” एक साथ प्रज्वलित किए जाएंगे।
कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देशानुसार, 17 सितंबर को जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा सुबह 10 बजे से लेकर शाम तक सिलसिलेवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। आयोजनों की शुरुआत डीआरपी लाइन धार में होगी, जहां केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सावित्री ठाकुर की उपस्थिति में पौधारोपण कर ‘त्रिवेणी हरित सेतु’ का लोकार्पण किया जाएगा। इसके बाद प्रातः 10:30 बजे पीएम श्री शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 736 दिव्यांगों को सहायक उपकरण बांटे जाएंगे। दोपहर 12:30 बजे जिला चिकित्सालय में 600 नागरिकों के रक्तदान के लक्ष्य के साथ रक्तदान शिविर लगेगा। वहीं, दोपहर 1 बजे भोज उद्यान में जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष हाट बाजार की शुरुआत होगी।
शाम 7 बजे नगर पालिका द्वारा किला मैदान में ‘आशीर्वाद का दीया’ मुख्य कार्यक्रम होगा, जिसमें अकेले 2 लाख दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा पीएम मित्र पार्क में 5 हजार दीयों सहित जिले के विभिन्न स्थानों को मिलाकर कुल 6 लाख दीये रोशन किए जाएंगे।
प्रशासन द्वारा शुरू किए गए ‘त्रिवेणी हरित सेतु’ और व्यापक पौधारोपण से आने वाले समय में धार के पर्यावरणीय संतुलन को मजबूती मिलने और शहरी तापमान में कमी आने की उम्मीद है। वहीं एक छत के नीचे लगने वाले जैविक हाट बाजार से स्थानीय किसानों के प्राकृतिक उत्पादों को नया बाजार और उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। सभी कार्यक्रमों के सुचारू क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नोडल जिम्मेदारी सौंपी गई है।
