कुक्षी पुलिस ने दर्ज किया दो आरोपितों पर पॉक्सो व बीएनएस का मामला
धार। “तुम्हारे मम्मी-पापा निसरपुर में बुला रहे हैं, हम तुम्हें लेने आए हैं”—इन चंद शब्दों के भरोसे पर बैठी एक नाबालिग को क्या पता था कि वह खुद को दरिंदों के हवाले कर रही है। माता-पिता से मिलवाने का झांसा देकर दो युवकों ने किशोरी का अपहरण किया और फिर बड़वानी के पास एक गांव में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। कुक्षी थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना कुक्षी थाना क्षेत्र के ग्राम कोणदा की है। 13 सितंबर की सुबह करीब 7:00 बजे जब नाबालिग अपने घर पर थी, तभी कसरावद निवासी राजा धनगर और तलून (जिला बड़वानी) निवासी विनय धनगर बाइक लेकर उसके पास पहुंचे। उन्होंने किशोरी से कहा कि उसके माता-पिता निसरपुर में हैं और उन्होंने ही उसे लाने भेजा है। पीड़िता दोनों पर भरोसा कर बाइक पर बीच में बैठ गई। निसरपुर पहुंचने पर जब उसने माता-पिता के बारे में पूछा, तो आरोपियों ने कहा कि वे आगे हैं और उसे सीधे बड़वानी होते हुए तलून ले गए। वहां एक मकान के कमरे में किशोरी को बंद कर दिया गया, जहां राजा धनगर ने उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया। शाम करीब 5:00 बजे तक बंधक रखने के बाद आरोपियों ने किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
घर लौटने के बाद डरी-सहमी पीड़िता ने पूरी आप बीती अपने माता-पिता को सुनाई। परिजनों के संबल देने के बाद पीड़िता थाने पहुंची, जिसके चलते 16 सितंबर बुधवार की रात 8:25 बजे प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपियों राजा धनगर और विनय धनगर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 96, 127(2), 64(2)(M), 351(3) सहित पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 5L/6 और 4(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पुलिस अब आरोपियों की धरपकड़ और मामले के अग्रिम साक्ष्यों को जुटाने में जुट गई है।
