Headlines

धार : पेट्रोल पंप संचालक को 6 साल पुराने मैनेजर ने लगाया 5 लाख का चूना

जन्माष्टमी की छुट्टियों का फायदा उठाकर हुआ फरार

बीपीसीएल पंप के लॉकर की चाबी और रिकॉर्ड लेकर भागा मैनेजर, केस दर्ज

धार। छह साल का भरोसा, संस्थान की चाबियां और लाखों का हिसाब-किताब… जिसे पंप संचालक ने अपनी आंख मूंदकर सौंप रखा था, उसी वफादार कर्मचारी ने मौका पाते ही संस्थान की तिजोरी साफ कर दी। सादलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत पेट्रोलियम के पंप पर कार्यरत मैनेजर ने छुट्टियों का फायदा उठाकर और डिजिटल पेमेंट में सेंध लगाकर संचालक को करीब 5 लाख रुपये की चपत लगा दी और फरार हो गया।

धार-नागदा रोड स्थित ग्राम कलसाड़ा बुजुर्ग के ‘वंदना फ्यूल स्टेशन’ पर यह धोखाधड़ी सामने आई है। पंप संचालक प्रतीक राय (67 वर्ष, निवासी ग्राम खेरोद) की शिकायत पर पुलिस ने मैनेजर ओमप्रकाश चौहान (निवासी ग्राम भोपावली नागदा, थाना कानवन) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) के तहत अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज किया है। घटना 1 से 4 सितंबर के बीच की बताई जा रही है, जबकि पुलिस ने मामले में 17 सितंबर को दोपहर 12:05 बजे प्राथमिकी दर्ज की। बीपीसीएल कंपनी के ऑटोमेशन सिस्टम से विस्तृत डिजिटल रिकॉर्ड निकालने में समय लगने के कारण कायमी में विलंब हुआ।

धोखाधड़ी का अनूठा तरीका

फरियादी के अनुसार, आरोपी ओमप्रकाश बीते 6 वर्षों से पंप पर कार्यरत था। उसने जन्माष्टमी के दौरान लगातार बैंक अवकाश का फायदा उठाया और 1 से 4 सितंबर के बीच काउंटर से 2 लाख 40 हजार रुपये की नकदी बैंक में जमा कराने के बजाय हड़प ली। इसके अलावा, पिछले 15 से 20 दिनों में विभिन्न कार्ड स्वाइप और डिजिटल माध्यमों से 2,61,500 रुपये का गबन किया। संचालक को जब तक इस हेराफेरी की भनक लगी, तब तक आरोपी पंप के जरूरी रजिस्टर्स और लॉकर की चाबियां लेकर रफूचक्कर हो चुका था।

लंबे समय से संस्थान में काम करने के कारण आरोपी पर प्रबंधन का अटूट विश्वास था, जिसका फायदा उठाकर उसने सुनियोजित तरीके से नकदी और डिजिटल ट्रांजैक्शन में हेरफेर किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है, वहीं पेट्रोल पंप संचालक अब संस्थान के रिकॉर्ड और चाबियां बरामद कराने के लिए प्रयासरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *