Headlines

तड़के बाइक से आए और पोल से खोल ले गए लाखों का मीटरिंग उपकरण

पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

धार। औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में तड़के अंधेरे का फायदा उठाकर बिजली के पोल से उपकरण उड़ाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। विद्युत मंडल के पोल से करीब सवा लाख रुपये कीमत का मीटरिंग उपकरण चुराने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया उपकरण और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

​घटना 17 सितंबर की सुबह करीब 4:00 बजे की है। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल कार्यालय पीथमपुर में पदस्थ 40 वर्षीय लाइन परिचालक वर्दीचंद मंडलोई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाश इलेक्ट्रिक मीटरिंग उपकरण चुरा ले गए हैं, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,20,000 रुपए है। फरियादी की शिकायत पर थाना पीथमपुर में अपराध क्रमांक 432/2026, धारा 305(e) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) एवं धारा 136 मध्य प्रदेश विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तलाश कर बगदून निवासी 21 वर्षीय नितेश उर्फ छंगा (पिता सुरेश) और 22 वर्षीय राज परमार (पिता सोहन) को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक कृष्णपाल सिंह एवं प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह की भूमिका उल्लेखनीय रही।

​पुलिस अब पकड़े गए दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों और संभावित गिरोह के नेटवर्क को लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है, जिससे बिजली उपकरणों की चोरी से जुड़े अन्य मामलों के खुलासे की भी संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *