Headlines

मृतिका के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी आबिद गिरफ्तार

पुलिस ने गांव में जुलूस निकालकर कोर्ट के आदेश पर भेजा जेल

​धार। एक महिला की मौत के बाद सोशल मीडिया पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो वायरल करने के मामले में सादलपुर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। परिजनों के गंभीर आरोपों और ग्रामीणों के भारी आक्रोश के बीच पुलिस ने मुख्य आरोपी को न केवल दबोचा, बल्कि गांव में सुरक्षा बलों की मौजूदगी में पैदल घुमाते हुए न्यायालय के आदेश पर सीधे जेल भेज दिया।

​यह पूरी घटना धार जिले के थाना सादलपुर अंतर्गत ग्राम गुणावद की है। 19 सितंबर को फरियादी भारतसिंह उर्फ गुलशन राठौर ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि गांव के ही आबिद पिता उस्मान पटेल ने मृतिका के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हैं। इस पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अपराध क्रमांक 223/2026 दर्ज किया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 77 तथा सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की धारा 66(E) और 67 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

​इस मामले की पृष्ठभूमि बेहद तनावपूर्ण रही है। परिजनों का आरोप था कि आरोपी महिला को अपने प्रभाव में लेकर उस पर लगातार दबाव बना रहा था और उसका शोषण कर रहा था, जिससे तंग आकर महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गुणावद में जनाक्रोश फूट पड़ा था। समाजजनों और ग्रामीणों ने गुणावद रोड पर धरना-प्रदर्शन कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और गांव में जुलूस निकालने की मांग उठाई थी।

​रविवार को गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम सुरक्षा घेरे में आरोपी आबिद पटेल को गांव के मुख्य मार्गों से लेकर निकली, जिसे देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। इसके बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल सादलपुर पुलिस महिला की आत्महत्या की परिस्थितियों, आरोपी की भूमिका और साइबर अपराध से जुड़े अन्य साक्ष्यों की विस्तृत विवेचना कर रही है, जिसकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *