Headlines

मनावर के देवरा में ढोल ग्यारस के दौरान हुआ विवाद बना जानलेवा

18 वर्षीय विकास की धारदार हथियार से हत्या, अज्ञात पर केस दर्ज

धार। ढोल ग्यारस के उल्लास और डीजे की धुन के बीच मनावर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरा में बुधवार तड़के अचानक मातम पसर गया। नाचने के दौरान युवकों के दो गुटों में हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ा कि धारदार हथियारों के वार से 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उसका नाबालिग साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना 23 सितंबर (मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात) को तड़के करीब 1:30 बजे ग्राम देवरा के देवरा चौक पर हुई। अवल्दामान (थाना गंधवानी) निवासी 16 वर्षीय प्रभांश उर्फ बिट्टू अपने साथियों विकास किराड़े (18), सावन धार्वे (16) और कान्हा चौहान के साथ देवरा में ढोल ग्यारस का कार्यक्रम देखने गया था। डीजे पर नाचने के दौरान एक पीले रंग की टी-शर्ट पहने युवक का कुछ अन्य युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पीली टी-शर्ट वाला युवक अपने साथियों के साथ भीड़ की ओर भागा, जहां विकास खड़ा था। इसी भगदड़ में अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से विकास के पेट पर और सावन की पीठ पर हमला कर दिया। पेट से अत्यधिक खून बहने के कारण विकास वहीं गिर पड़ा। साथी तुरंत दोनों को मोटरसाइकिल से मनावर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया और गंभीर घायल सावन को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया।

मनावर पुलिस ने फरियादी प्रभांश की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 118(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर मौजूद युवकों से पूछताछ कर विवाद की शुरुआत करने वाले पीली टी-शर्ट पहने युवक और हथियार चलाने वाले अज्ञात हमलावरों की पहचान में जुट गई है। धार्मिक उत्सवों में डीजे और भीड़भाड़ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था तथा अचानक भड़कने वाले ऐसे विवादों पर नियंत्रण को लेकर यह घटना एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *