Headlines

अवैध हथियार बनाने और बेचने वाले सिकलीगर पर बाग पुलिस की कार्रवाई, 3 कट्टे और निर्माण उपकरण जप्त

धार। जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और निर्माण के नेटवर्क पर बाग पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए पुलिस ने एक सिकलीगर को रंगे हाथों धर दबोचा, जो थैली में देशी कट्टे भरकर बेचने की फिराक में इलाके में दाखिल हो रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार, तस्करी में प्रयुक्त बाइक और बाद में उसके ठिकाने से कट्टा बनाने के औजार भी बरामद किए हैं। जप्त किए गए कुल सामान की कीमत लगभग 1,15,000 रुपए आंकी गई है।

यह पूरी कार्रवाई 24 सितंबर को जोबट रोड स्थित पाडलिया क्षेत्र में अंजाम दी गई। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश, एएसपी विजय डावर एवं एसडीओपी कुक्षी राजीव अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बाग हिरुसिंह रावत की टीम ने यह सफलता हासिल की। मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिर पर पीला कपड़ा बांधे एक व्यक्ति अखाड़ा की ओर से एचएफ डीलक्स बाइक पर सफेद थैली में अवैध हथियार लेकर बाग की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पाडलिया में घेराबंदी कर 54 वर्षीय प्रीतमसिंह पिता निमसिंह भाटिया (सिकलीगर), निवासी तलावड़ी, हाल मुकाम सालखेड़ा (थाना नानपुर, जिला अलीराजपुर) को मौके पर पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी की बाइक पर टंगी थैली से 12 बोर के 03 देशी कट्टे बरामद हुए। वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस न होने पर पुलिस ने हथियार और मोटरसाइकिल को जप्त कर आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम (आर्म्स एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस पूछताछ और आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर ग्राम सालखेड़ा स्थित उसके ठिकाने पर दबिश देकर कट्टा बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए।

कार्रवाई में थाना प्रभारी हिरुसिंह रावत सहित सउनि कमलेश राठौड़िया, दशरथसिंह चौहान, लोकेश रायपुरिया, प्रआर भावसिंह रावत, रेलमसिंह भिंड, आरक्षक राजू, मुकेश, अजय, विनोद, लालसिंह और कलमसिंह की सराहनीय भूमिका रही।

हथियार निर्माण के औजारों की इस बरामदगी से साफ है कि आरोपी केवल हथियारों की तस्करी ही नहीं, बल्कि निर्माण की अवैध फैक्ट्री भी संचालित कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने क्षेत्र में पूर्व में किन-किन लोगों को हथियार बेचे हैं और इस अवैध नेटवर्क के तार किन अन्य जिलों से जुड़े हैं, जिससे आने वाले दिनों में अवैध हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला पर बड़ा अंकुश लगने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *