धार। सड़क पर अचानक मोटरसाइकिल अड़ाना, कट्टे और धारदार फालिये का खौफ दिखाकर नकदी-मोबाइल छीनना और फिर उसी मोबाइल के जरिए पीड़ित का बैंक खाता खाली कर देना-अपराध के इस नए और खतरनाक तरीके को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को बाग पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी और वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर लिया है।
मामले की शुरुआत 21 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे हुई, जब कापसी (थाना कुक्षी) निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग रामा भायल अपने साथी महेंद्र कुमार के साथ बाइक से डेहरी से लौट रहे थे। इसी दौरान टेकी रोड पर हनुमान मंदिर के सामने पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी बाइक अड़ाकर रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने देशी कट्टा और फालिया दिखाकर दोनों के मोबाइल व 3,000 रुपये नकद लूट लिए। इतना ही नहीं, अगले दिन पीड़ित द्वारा बैंक खाता चेक करने पर पता चला कि लूटे गए मोबाइल से यूपीआई के जरिए 24,630 रुपये भी निकाल लिए गए हैं। पीड़ित की शिकायत पर बाग थाना पुलिस ने बीएनएस 2023 की धारा 309(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जिले में लूट व डकैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी कुक्षी राजीव अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बाग हिरुसिंह रावत ने डेहरी चौकी प्रभारी उनि नवलसिंह बघेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की।
साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम ने 25 सितंबर को निमथल (थाना कुक्षी) निवासी संदेही किस्मत चौहान और उसके साथी संजय उर्फ संजू मुजाल्दा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस लूट को अंजाम दिया था और मोबाइल से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक वीवो मोबाइल फोन, 13,000 रुपये नकद और एक लोहे का धारदार फालिया (कुल कीमत लगभग 28,000 रुपए) बरामद किया है।
सड़क पर हथियारों के दम पर लूटपाट के साथ-साथ डिजिटल बैंकिंग (UPI) के जरिए खाते खाली करने की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई अपराधियों के हौसले पस्त करने वाली साबित होगी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कुक्षी न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे घटना में शामिल फरार अन्य आरोपियों और लूटी गई शेष रकम की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के अन्य नेटवर्क का पर्दाफाश होने की भी पूरी संभावना है।
